अलवर में लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है. शादी के एक महीने बाद लड़की ने खिचड़ी में अपनी सास को विषाक्त पदार्थ मिला कर दे दिया, जिससे सास की तबीयत खराब हो गई. पति और अन्य लोग जब उसको अस्पताल लेकर गए, तो पीछे से लुटेरी दुल्हन घर में रखे शादी के लाखों के जेवरात व 30 हजार रुपए व अन्य सामान लेकर फरार हो गई.
ADVERTISEMENT
कैसे शुरू हुआ धोखे का खेल?
पीड़ित विक्रमजीत सिंह मीट और मछली का व्यवसाय करते हैं, उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात बबली कौर नाम की महिला के जरिए पिंकी कौर से हुई थी. पिंकी ने खुद को रेखा कौर की मौसी बताया और शादी का प्रस्ताव रखा. विक्रमजीत को भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने पहले कोर्ट में 'लिव-इन रिलेशनशिप' का एग्रीमेंट करवाया और फिर 26 मई 2025 को गुरुद्वारे में पूरे रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई. इस शादी में पीड़ित ने करीब 5 लाख रुपये खर्च किए थे.
वारदात की खौफनाक रात
शादी के कुछ दिनों बाद ही रेखा का व्यवहार बदल गया. 23 जून 2025 को जब विक्रमजीत की मां बीमार थीं, तो रेखा ने उनकी खिचड़ी में फिनाइल मिला दिया. जैसे ही मां की तबीयत बिगड़ी और घर के लोग उन्हें अस्पताल ले गए, पीछे से रेखा ने अलमारी साफ कर दी. वह सोने का हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां और 30 हजार रुपये नकद लेकर गायब हो गई.
जांच में खुले चौंकाने वाले राज
जब विक्रमजीत ने अपनी पत्नी की तलाश शुरू की तो जो सच सामने आया उसने उसके होश उड़ा दिए. पता चला कि रेखा पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं. उसका अपने पहले पति गुरदीप से तलाक भी नहीं हुआ था. इतना ही नहीं, रेखा और उसकी मौसी पिंकी कौर मिलकर एक गिरोह चलाती हैं, जो भोले-भाले युवाओं को शादी के नाम पर ठगता है. रेखा इससे पहले हरियाणा के कई अन्य युवकों को भी इसी तरह अपना शिकार बना चुकी है.
पुलिस की कार्रवाई और धमकी
पीड़ित का आरोप है कि अरावली विहार थाने में शिकायत के बावजूद शुरुआत में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. इस बीच, आरोपियों ने पीड़ित को फोन कर 3 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी. थक-हारकर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली. फिलहाल, अरावली विहार थाने की एएसआई राजबाला यादव के अनुसार, कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस बारीकी से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


