राजस्थान के अलवर जिले से लव मैरिज का एक खौफनाक मामला सामने आया है. जहां प्यार की लिए शादी करने वाले एक जोड़े को अपनों ने ही दुश्मन बनकर प्रताड़ित किया. शादी से नाराज लड़की के घरवालों ने झांसा देकर दामाद को बुलाया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, वहीं अपनी ही बेटी को एक महीने तक कमरे में बंधक बनाए रखा. अब पीड़ित दंपत्ति ने पुलिस अधीक्षक (SP) से सुरक्षा की गुहार लगाई है.
ADVERTISEMENT
शादी का झांसा देकर बुलाया घर
पीड़िता प्रीति कटारिया और उसके पति जीतू मावर ने बताया कि वे पिछले 5 साल से एक-दूसरे को जानते थे. उन्होंने फरीदाबाद जाकर कानूनी रूप से शादी कर ली थी. जब लड़की के परिवार को इस बात का पता चला, तो उन्होंने कथित तौर पर सामाजिक रीति-रिवाजों से दोबारा शादी कराने का बहाना बनाया और दोनों को गांव बुला लिया.
कमरे में कैद और मारपीट
दंपत्ति का आरोप है कि जैसे ही वे गांव पहुंचे तो प्रीति के माता-पिता, भाई और भाभी ने जीतू के साथ मारपीट शुरू कर दी. प्रीति को एक महीने तक एक कमरे में बंद रखा गया, जहां उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया. किसी तरह जान बचाकर भागने के बाद, दोनों ने अब एसपी ऑफिस पहुंचकर अपनी सुरक्षा की मांग की है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
हैरानी की बात यह है कि दोनों एक ही जाति से ताल्लुक रखते हैं, फिर भी परिवार इस शादी के खिलाफ है. पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं और दंपत्ति को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है.
ADVERTISEMENT


