केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'वंदे मातरम्' को लेकर कांग्रेस और सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला है. राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के चलते राष्ट्रीय गीत को भुला दिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 'वंदे मातरम्' को फिर से सम्मान और नई पहचान देने का काम किया है.
ADVERTISEMENT
यह विवाद कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान 'वंदे मातरम्' के पूर्ण गायन को लेकर शुरू हुआ. बीजेपी का आरोप है कि सोनिया गांधी ने गीत के दौरान आपत्ति जताते हुए इसे रोकने के लिए कहा. वीडियो में सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से बातचीत और इशारे करते हुए देखा गया. हालांकि, कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज किया है. पार्टी की ओर से कहा गया कि सोनिया गांधी खरगे के लिए कुर्सी की व्यवस्था को लेकर बात कर रही थीं.
'आपका पाप देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी'
अमित शाह ने सोनिया गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि करोड़ों देशवासी इस पूरे घटनाक्रम को देख रहे हैं. उन्होंने कहा कि इतने वर्षों बाद जब बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का अमर गीत फिर से पूरे सम्मान के साथ गूंज रहा है, तब इस पर आपत्ति जताना दुर्भाग्यपूर्ण है.
शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी को भी 'वंदे मातरम्' को बीच में रोकने के बारे में सोचना तक नहीं चाहिए. उन्होंने कांग्रेस नेताओं से माफी मांगने को भी कहा. गृह मंत्री ने दावा किया कि वोट बैंक की राजनीति के कारण कांग्रेस ने लंबे समय तक 'वंदे मातरम्' को वह सम्मान नहीं दिया, जिसका वह हकदार है.
गौरतलब है कि 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी लगातार इसके ऐतिहासिक महत्व को सामने रख रही है. गृह मंत्रालय भी इसे स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा महत्वपूर्ण गीत बता चुका है.
अटल बिहारी वाजपेयी को भी किया याद
राजस्थान दौरे के दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया. इस मौके पर आयोजित सभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वाजपेयी के नेतृत्व और उनके कार्यकाल को याद किया.
भजनलाल शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे. उनके नेतृत्व में पोखरण में परमाणु परीक्षण हुआ और 1999 में भारत ने कारगिल युद्ध में जीत हासिल की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी मजबूत राष्ट्र की नीति को आगे बढ़ाया है. उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इन अभियानों ने दुनिया के सामने भारत की ताकत को दिखाया है.
सोनिया गांधी के खिलाफ पुलिस शिकायत
इसी विवाद के बीच बीजेपी नेता विकास पुत्तूर ने सोनिया गांधी के खिलाफ उरवा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. बीजेपी नेता का आरोप है कि सोनिया गांधी ने 'वंदे मातरम्' के गायन को बीच में रोकने के लिए कहा था.
पुत्तूर बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे और मामले में एफआईआर दर्ज करने तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
वीडियो देखें
ADVERTISEMENT


