Anita Bishnoi Case: 'कपड़े छोटे हो गए...' वीडियो के बाद क्यों हुआ ऐसा? FIR में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

Anita Bishnoi Case: जोधपुर की प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनीता बिश्नोई द्वारा मानसिक प्रताड़ना के कारण खुदकुशी की कोशिश मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. उनके पति का आरोप है कि 'कपड़े छोटे हो गए...' वीडियो के बाद यूट्यूबर मालाराम और अन्य ट्रोल्स ने उनकी तस्वीरें लीक कर अभद्र मीम्स बनाए और बदनाम किया.

anita bishnoi
anita bishnoi

आंचल गुप्ता

follow google news

जोधपुर की मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनीता बिश्नोई द्वारा खुदकुशी की कोशिश मामले में अब एक बड़ा खुलासा हुआ है. खेतों में ट्रैक्टर चलाने और राजस्थानी सादगी से लाखों दिलों को जीतने वाली अनीता के पति ने बनार थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक, सोशल मीडिया पर 'कपड़े छोटे हो गए...' वीडियो के बाद अनीता को बुरी तरह ट्रोल किया गया, मीम्स बनाए गए और उनके खिलाफ व्यक्तिगत व अभद्र टिप्पणियां कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे तंग आकर उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया.

Read more!

सोशल मीडिया पर सादगी की पहचान, अब जिंदगी की जंग

अपनी सादगी, राजस्थानी संस्कृति और खेतों में ट्रैक्टर चलाने वाले वीडियोज के लिए मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनीता बिश्नोई इस समय जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती हैं. उन्होंने 3 जून की सुबह करीब 11 बजे मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी करने की कोशिश की थी. हालांकि, डॉक्टरों के मुताबिक अब उनकी हालत में काफी सुधार है और वे खतरे से बाहर हैं.

'कपड़े छोटे हो गए...' वीडियो के बाद बढ़ीं मुश्किलें

इस पूरे मामले में नया मोड़ तब आया जब अनीता के पति दिनेश (दीनाराम) बिश्नोई ने जोधपुर के बनार थाने में एफआईआर दर्ज कराई. एफआईआर में सोशल मीडिया प्रोफाइल 'मालाराम' नाम के एक यूट्यूबर का विशेष तौर पर जिक्र किया गया है. आरोप है कि अनीता ने कुछ समय पहले 'कपड़े छोटे हो गए तो शर्म कहां से आएगी' विषय पर एक वीडियो बनाया था. इस वीडियो के वायरल होने के बाद समर्थन तो मिला, लेकिन विरोध और ट्रोलिंग की बाढ़ आ गई.

सालों से की जा रही थी निजी जिंदगी पर टिप्पणियां

शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपी पिछले कई सालों से अनीता को परेशान कर रहा था. जब अनीता ने उसे ब्लॉक कर दिया, तो उसकी रंजिश और बढ़ गई. आरोपी ने अनीता की पुरानी तस्वीरें और वीडियो निकालकर अभद्र मीम्स बनाए और उनकी निजी जिंदगी को सरेआम बहस का विषय बना दिया. इस लगातार हो रही बदनामी और मानसिक टॉर्चर की वजह से अनीता गुमसुम रहने लगी थीं. घटना से ठीक पहले उन्होंने एक भावुक वीडियो शेयर कर रोते हुए कहा था कि कुछ लोग उनकी इज्जत पर कीचड़ उछाल रहे हैं.

पुलिस कर रही है साइबर सेल की मदद से जांच

बनार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 और 67 आईटी एक्ट (IT Act) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस मामले में साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया एक्टिविटीज को खंगाल रही है. डॉक्टरों का कहना है कि अनीता की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी, जिसके बाद पुलिस उनका बयान दर्ज करेगी.

 

    follow google news