'पापा मम्मी को हर रोज मारते थे, कहते थे कामवाली बाई तुम्हारी नई मम्मी बनेगी...' अनु मीना केस में अब बेटे ने किए रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे! देखें वीडियो

Anu Meena Family Interview: जयपुर के बहुचर्चित अनु मीणा सुसाइड केस में रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मृतका का परिवार गहरे सदमे में है. अब मासूम बेटे माहिर ने पिता गौतम मीणा की वह खौफनाक सच्चाई बयां की है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. इस दिल दहला देने वाली दास्तां को पूरा पढ़िए.

अनु मीणा केस: परिजनों ने किए चौंकाने वाले खुलासे
अनु मीणा केस: परिजनों ने किए चौंकाने वाले खुलासे

देव अंकुर वधावन

follow google news

Anu Meena Case: राजस्थान की राजधानी जयपुर से सामने आए अनु मीणा आत्महत्या मामले  ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. अनु मीणा की मौत के बाद उनके घर के सीसीटीवी कैमरे का एक ऐसा खौफनाक वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी भी इंसान की रूह कांप गई. इस वीडियो के सामने आने के बाद अनु मीणा का परिवार गहरे सदमे और आक्रोश में है. 'राजस्थान तक' से बातचीत के दौरान मृतका अनु मीणा के भाई नीरज मीणा , उनकी मां माया मीणा और अनु के मासूम बेटे माहिर ने कैमरे पर रोते हुए जो खुलासे किए हैं उसने आरोपी पति गौतम मीणा की बर्बरता की सारी हदें पार कर दी हैं.

Read more!

"कहते थे कामवाली सुनीता तुम्हारी नई मम्मा बनेगी"- बेटे 

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा और चौंकाने वाला बयान अनु मीणा के 10 साल के बेटे माहिर का सामने आया है. माहिर ने निडर होकर अपने पिता गौतम मीणा के काले कारनामों की पोल खोल दी. मासूम ने बताया, "पापा मम्मी को हर रोज मारते थे. अक्सर रात को और कभी-कभी शाम को भी मारना शुरू कर देते थे. वे मारपीट करने के लिए बस कोई न कोई बहाना या एक्सक्यूज ढूंढते थे."

माहिर ने आगे जो कहा कि वह बेहद हैरान करने वाला है. माहिर के मुताबिक, उसके पिता दारू के नशे में अक्सर अनु मीणा से कहते थे, "ये (अनु) तो बेकार है, ये मर भी जाए तो मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. हमारी कामवाली बाई सुनीता तुम्हारी नई मम्मा बनेगी." मासूम ने बताया कि उस खौफनाक सीसीटीवी वीडियो में पिता उसकी मां के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे हैं और कह रहे हैं कि "मैं इसका क्या करूं, ये है ही ऐसी."

''जूतों से मारा और सिर पर सिलेंडर दे मारा''- भाई 

अनु मीणा के भाई नीरज मीणा ने रोते हुए बताया कि 7 अप्रैल को जब उनकी बहन ने सुसाइड किया था, तब पूरा परिवार हैरान था कि आखिर ऐसा क्या हुआ. सब सोच रहे थे कि शायद आपसी गुस्से में ऐसा कदम उठाया गया. लेकिन मौत के 12 दिन बाद जब अनु का बेटा माहिर खुलकर बोलने लगा, तब सच सामने आया.

नीरज ने बताया, "भांजे माहिर ने मुझसे कहा कि मामा, मम्मी के फोन में पापा की मारपीट का वीडियो है. फोन का पासवर्ड सिर्फ माहिर को पता था. जब हमने फोन खोला और सीसीटीवी कैमरे के ऐप को चेक किया, तो उसमें तीन-चार वीडियो सेव थे. उनमें से एक वीडियो में गौतम मीणा की हरकतें कैद थीं. वीडियो में वह टीवी तोड़ रहा है, दीदी के मुंह पर थूक रहा है, उन्हें जूतों से मार रहा है और उनके बाल पकड़कर सिर पर गैस सिलेंडर मार रहा है.

"पापा का प्रमोशन रुक जाएगा नानी..." बच्चों को भी डरा कर रखती थी अनु

अनु मीणा की मां माया मीणा का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बताया कि अनु अक्सर रात को 2 या 3 बजे बच्चों को लेकर रोती हुई उनके घर आ जाती थी और कहती थी, "मम्मी मैं इसके लायक नहीं हूं, मैं इसके साथ नहीं रह पाऊंगी." लेकिन सुबह होते ही गौतम मीणा पैर पकड़कर रोने लगता था, बच्चों की कसम खाता था और अनु को वापस ले जाता था. शाम को 5 बजते ही वह शराब पीकर फिर से हैवान बन जाता था.

मां ने रोते हुए कहा, "बच्चों ने आज हमें बताया कि वे हमें (नानी-मामा को) सब बताना चाहते थे, लेकिन अनु उन्हें इशारे से चुप करा देती थी. अनु बच्चों को डांटती थी कि नानी या मामा को कुछ मत बताना, नहीं तो पापा की नौकरी चली जाएगी, पापा का प्रमोशन रुक जाएगा और नानी पुलिस में रिपोर्ट कर देगी." बेबस मां ने कहा कि अगर उन्हें इस दरिंदगी का थोड़ा भी अंदाजा होता, तो वे अपनी बेटी को कभी उस कसाई के पास वापस नहीं जाने देतीं.

व्हाट्सएप चैट से खुला राज: बच्चों समेत जान से मारने की रची थी साजिश!

भाई नीरज मीणा ने पुलिस को सौंपे गए सबूतों का हवाला देते हुए एक और रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया कि गौतम मीणा ने एक बार अनु और दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर दिया और गैस सिलेंडर की नॉब ऑन करके खुद घर से चला गया. पूरी रात कमरे में गैस भरती रही. सुबह गौतम की मां ने मॉर्निंग वॉक करने वाले एक शख्स को फोन कर गेट खुलवाया, तब जाकर तीनों की जान बची.

इस घटना के बाद अनु ने गौतम को व्हाट्सएप पर मैसेज किया था, "तुम तो दुखी होगे कि हम तीनों बच गए." परिवार ने ये सारे व्हाट्सएप चैट्स और सीसीटीवी फुटेज सबूत के तौर पर पुलिस को सौंप दिए हैं, जो यह साबित करते हैं कि अनु को मानसिक और शारीरिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया गया कि वह टूट गई.

अरेंज मैरिज, दहेज में Honda City और 4 लाख के ट्रांजैक्शन फिर भी नहीं भरी भूख

नीरज ने बताया कि 2015 में समाज के रीति-रिवाजों के मुताबिक यह पूरी तरह अरेंज मैरिज थी. शादी में गौतम मीणा के मामा दीनदयाल मीणा की मांग पर Honda City कार और भारी दहेज दिया गया था. इसके बाद भी गौतम की पैसों की भूख खत्म नहीं हुई. वह बार-बार घर बनाने के नाम पर पैसे मांगता था. भाई नीरज ने अपनी बहन का घर बसने की उम्मीद में समय-समय पर अपने फोन पे से करीब 4 लाख रुपये अनु को ट्रांसफर किए, ताकि वह बच्चों की स्कूल फीस और घर का खर्च चला सके, क्योंकि गौतम सारा पैसा शराब में उड़ा देता था. अनु की मां ने बताया कि गौतम अनु को ताने मारता था कि "तेरा बाप रिटायर होने वाला है, वो तुझे क्या देगा? तीसरा हिस्सा तेरे भाई खा जाएंगे."

आरोपी गौतम मीणा फरार, इंसाफ की गुहार

शादी के 10 साल बाद अनु मीणा ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया, लेकिन अपने पीछे वह हैवानियत के वो सबूत छोड़ गई है जो आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए काफी हैं. हालांकि, पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी गौतम मीणा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है और फरार चल रहा है. परिवार ने डीसीपी और एसीपी प्रशासन से गुहार लगाई है कि पुलिस टीमें गठित कर आरोपी पति को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे ताकि अनु मीणा की आत्मा को न्याय मिल सके.

यह भी पढ़ें: जयपुर अनु मीणा केस में खौफनाक मोड़, मोबाइल से खुला पति की हैवानियत का राज, मासूम बच्चे के सामने ही पत्नी की पिटाई का वीडियो आया सामने

    follow google news