राजस्थान की राजनीति में अपने दबंग और बेबाक अंदाज के लिए जाने जाने वाले कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री अशोक चांदना का एक नया रूप सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में अशोक चांदना किसी स्थानीय अधिकारी या कर्मचारी पर बुरी तरह गुस्सा होते और उसे सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए नजर आ रहे हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर उनके कार्यकर्ताओं को इस राज में परेशान किया गया तो वे चुप नहीं बैठेंगे.
ADVERTISEMENT
रेगर समाज के पट्टों को लेकर उपजा विवाद
वीडियो में चांदना दलित (रेगर) समाज के लोगों के पक्ष में खड़े दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने अधिकारी को डांटते हुए कहा कि रेगर समाज के लोगों के पास अपनी जगह के वैध पट्टे मौजूद हैं. बहुत मुश्किलों के बाद गरीबों के ये पट्टे बनते हैं, ऐसे में उन्हें डराने और उनकी दीवार गिराने की कोशिश बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. चांदना ने अधिकारी से कहा कि अगर कोई शिकायत आई है तो नियमों के तहत उसका जवाब लिया जाए, न कि लोगों को नाजायज तरीके से डराया जाए.
'कांग्रेस कार्यकर्ताओं को छेड़ा तो दौड़ा-दौड़ा कर मारूंगा'
अशोक चांदना ने अधिकारी को सीधे तौर पर ललकारते हुए कहा, "मुझे बीजेपी वालों से कोई लेना-देना नहीं है, उनको आप छोड़ो या पकड़ो वो आपकी समस्या है. लेकिन अगर मेरे कांग्रेस कार्यकर्ता को किसी ने नाजायज परेशान किया, तो मैं उसे दौड़ा-दौड़ा कर मारूंगा और उसकी जड़ें खोद दूंगा". उन्होंने अधिकारी को चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार की दीवार गिरती है, तो वह दीवार एक दिन अधिकारी के ऊपर ही गिरेगी.
ADVERTISEMENT


