राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. गहलोत ने पेपर लीक मामले से लेकर कन्हैयालाल हत्याकांड तक के मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता को गुमराह कर और झूठ बोलकर चुनाव जीता है. उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्तमान शासन में भ्रष्टाचार बढ़ा है और जनता को मिल रही मुफ्त सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं.
ADVERTISEMENT
कन्हैयालाल हत्याकांड पर उठाए सवाल
उदयपुर के चर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था, फिर भी अब तक उन्हें सजा क्यों नहीं मिली? उन्होंने केंद्र सरकार और एनआईए (NIA) पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान हिंदू-मुस्लिम का एंगल देकर जनता को भड़काया गया. गहलोत ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार ने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी थी, लेकिन भाजपा ने '5 लाख बनाम 50 लाख' का झूठ फैलाकर चुनाव जीत लिया.
पेपर लीक और एसआई भर्ती पर बयान
एसआई (SI) भर्ती परीक्षा और पेपर लीक के मुद्दों पर गहलोत ने कहा कि पेपर आउट होने की समस्या केवल राजस्थान की नहीं, बल्कि यूपी, गुजरात और हरियाणा जैसे राज्यों में भी रही है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इन गैंग्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की थी. वर्तमान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने पूछा कि दो साल होने को आए हैं, लेकिन सरकार ठोस काम करने के बजाय केवल दोषारोपण क्यों कर रही है?
मीडिया और लोकतंत्र पर टिप्पणी
अशोक गहलोत ने मीडिया के एक वर्ग पर भी निशाना साधा और कहा कि लोकतंत्र में जब तक मीडिया ज्वलंत मुद्दों पर सरकार से सवाल नहीं पूछेगा, तब तक जनता का भला नहीं होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि दबाव के कारण कई महत्वपूर्ण मुद्दों को दबा दिया जाता है, जिससे अंततः जनता को नुकसान होता है.
ADVERTISEMENT


