राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत का एक बेहद दिलचस्प वीडियो सामने आया है. टोंक में मनरेगा में काम करने वाली महिलाओं ने अशोक गहलोत से मुलाकात की और उनसे बड़ी ही बेबाकी और आत्मीयता से बातचीत की. महिलाओं ने गहलोत को देखते ही अपनी खुशी जाहिर की और उनके लिए बकायदा एक गाना भी गाया, जिसके बोल थे "जादूगर का जादू, हाथों का कमाल है...". महिलाओं के मुंह से यह गाना सुनकर अशोक गहलोत भी मुस्कुरा उठे और उन्होंने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा कि उनके पिताजी भी जादू दिखाते थे और उन्होंने भी बचपन में थोड़ा जादू सीखा था.
ADVERTISEMENT
पुरानी योजनाओं को याद कर भावुक हुईं महिलाएं
बातचीत के दौरान यशोदा नाम की महिला और उनकी साथियों ने अशोक गहलोत को बताया कि उनकी सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं से गरीबों को बहुत फायदा मिला था. महिलाओं ने कहा, "हमें आपकी सरकार में मुफ्त मोबाइल मिला जिसे हम चलाना सीख गए हैं. हमारे पास आज भी वह जादू वाला थैला (राशन किट) मौजूद है. इसके अलावा 200 यूनिट मुफ्त बिजली और चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से हमारे परिवार का मुफ्त इलाज हुआ था, जिससे हमारे पापा की जान बची." महिलाओं ने दुख जताते हुए कहा कि अब सरकार बदलने के बाद ये योजनाएं बंद हो गई हैं.
'यह लोकतंत्र है, मुख्यमंत्री से मांग करो'
जब महिलाओं ने योजनाएं बंद होने की शिकायत की तो अशोक गहलोत ने बेहद सधे हुए अंदाज में लोकतंत्र का पाठ पढ़ाते हुए कहा, "यह डेमोक्रेसी है, इसमें सरकारें बदलती रहती हैं. अब जो नई सरकार है, आप लोग वहां के मुख्यमंत्री जी से मांग करो कि गरीबों के लिए इन योजनाओं को वापस शुरू किया जाए."
'भजनलाल जी की जगह आप ही आ जाओ'
अशोक गहलोत की बातें सुनकर महिलाएं भावुक हो गईं और उन्होंने सीधे शब्दों में कह दिया, "गरीबों की बात सिर्फ आप ही सुनते हैं. हम तो चाहते हैं कि भजनलाल जी की जगह आप ही वापस आ जाओ और हमारी मनरेगा के दिन बढ़ाओ. हम आपके लिए प्रचार करेंगे." इसपर गहलोत ने हंसते हुए महिलाओं की इस बात का स्वागत किया, उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जल्द ही उनके गांव आकर उनसे दोबारा मुलाकात करने का वादा किया.
ADVERTISEMENT


