Rajasthan News: बारां शहर के झालावाड़ रोड पर तेल फैक्ट्री फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण का कार्य चल रहा है. इसके पीलर के लिए ड्रिलिंग का कार्य किया जा रहा है. ड्रिलिंग के दौरान वहां से गुजर रही गैस पाइपलाइन फूट गई. अचानक गैस रिसाव होने से हड़कंप मच गया, लेकिन गैस लाइन चालू नहीं होने से हादसा होने से टल गया.
ADVERTISEMENT
दरअसल बारां शहर में झालावाड़ रोड पर तेल फैक्ट्री के पास आरओबी का निर्माण कार्य चल रहा है. शनिवार को आरओबी निर्माण के लिए तेल फैक्ट्री की तरफ मशीन से ड्रिलिंग की जा रही थी. इसी दौरान सड़क के नीचे से गुजर रही टोरेंट गैस की पाइपलाइन फूट गई. जिससे अचानक गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया. मौके पर कार्य कर रहे मजदूर और आसपास मौजूद लोर सहम गए.
कार्मिकों ने इसकी सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को दी. मौके पर तुरंत सभी अधिकारी पहुंच गए. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची. इस दौरान गनीमत यह रही कि गैस लाइन चालू नहीं होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया.
टोरेंट गैस के प्रतिनिधि पवन कुमार ने बताया कि फिलहाल तेल फैक्ट्री की ओर पाइप लाइन से गैस सप्लाई शुरू नहीं हुई है. इस पाइपलाइन में अभी नाइट्रोजन गैस भरी हुई थी. आरओबी निर्माण के लिए ड्रिलिंग के वक्त पाइपलाइन फूटने से नाइट्रोजन का रिसाव हो गया था, जिसे पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर बंद करवा दिया. उन्होंने बताया कि इस गैस रिसाव से कोई जनहानि नहीं हुई है.
ADVERTISEMENT


