Road accident in barmer: राजस्थान के बाड़मेर (Barmer news) में हनुमान बेनीवाल (Hanuman Beniwal) की रैली में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ताओं की स्कॉर्पियो अर्टिगा कार से टकरा गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं करीब 9 लोग गंभीर घायल हो गए हैं. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर किया गया है. घटना धोरीमन्ना थाना इलाके के मांगता सरहद की है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के मुताबिक आरएलपी के कार्यकर्ता धोरीमन्ना में आयोजित होने वाली हनुमान बेनीवाल की रैली में हिस्सा लेने जा रहे थे. इसी दौरान गुजरात के ओर से आ रही अर्टिगा कार और बाड़मेर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो में जबरदस्त भिड़ंत हो गई. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दो लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई. बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब 9 लोग घायल हैं. गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं अन्य का इलाज धोरीमन्ना के अस्पताल में चल रहा है.
मृतकों की नहीं हुई शिनाख्त
मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है. मृतक गुजराती बताए जा रहे हैं. हादसे की सूचना पर धोरीमन्ना थाना पुलिस समेत बालोतरा एडिशनल एसपी सीताराम खोजा ने मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात सुचारू करवाया. साथ ही अस्पताल पहुंचकर कुशलक्षेम जानी.
ADVERTISEMENT

