राजस्थान के जालौर जिले के सांचौर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने नर्मदा नहर में कूदकर अपनी जान दे दी. हैरान करने वाली बात यह है कि दोनों के शव एक-दूसरे से दुपट्टे के सहारे बंधे हुए थे. युवक की महज एक महीने पहले ही शादी हुई थी, लेकिन शादी के बाद भी उसका अपनी प्रेमिका से रिश्ता खत्म नहीं हुआ और आखिरकार इस प्रेम कहानी का बेहद दर्दनाक अंत हुआ.
ADVERTISEMENT
खेतों में काम करते हुए हुआ था प्यार
यह पूरी कहानी शुरू हुई थी करीब एक साल पहले गुजरात के थराद इलाके के वेडला गांव से बाड़मेर जिले के सेड़वा क्षेत्र का रहने वाला 21 वर्षीय श्रवण कुमार कोहली और गुजरात की 19 वर्षीय शोभा के परिवार वहां पास-पास के खेतों में कृषि कार्य करते थे. खेतों में काम करने के दौरान ही दोनों की मुलाकात हुई, बातचीत बढ़ी और देखते ही देखते दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करने लगे.
एक महीने पहले हुई थी शादी, पर नहीं छूटा साथ
इस प्रेम कहानी में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब करीब एक महीने पहले श्रवण के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और करा दी. श्रवण दूल्हा तो बन गया, लेकिन वह अपनी प्रेमिका शोभा को भूल नहीं पाया. शादी के बाद भी दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में बने रहे. दोनों को लगा कि शायद समाज उनके इस रिश्ते को कभी स्वीकार नहीं करेगा.
'पेट दर्द' का बहाना बनाकर निकला और फिर...
घटना वाले दिन यानी 23 जून 2026 (मंगलवार) को सुबह श्रवण ने अपने घर पर कहा कि उसके पेट में दर्द है और वह दवा लेने सांचौर जा रहा है. जब वह दोपहर तक वापस नहीं लौटा, तो उसके भाई ने उसे फोन किया. तब पता चला कि श्रवण दवा लेने नहीं, बल्कि गुजरात के थराद में अपनी प्रेमिका शोभा से मिलने पहुंच गया था. वहां से वह शोभा को अपने साथ लेकर सांचौर के डेडवा डावला पुलिया के पास नर्मदा मुख्य कैनाल (नहर) पर पहुंचा.
दुपट्टे से बांधकर नहर में लगाई छलांग
शाम के करीब 7:00 बजे दोनों ने नहर के किनारे अपनी बाइक खड़ी की. इसके बाद दोनों ने साथ जीने-मरने की कसम खाते हुए एक-दूसरे की कमर को एक दुपट्टे से कसकर बांधा और उफनती नर्मदा नहर में छलांग लगा दी.
लावारिस बाइक ने खोला मौत का राज
नहर के किनारे काफी समय तक एक लावारिस बाइक खड़ी देख स्थानीय ग्रामीणों को शक हुआ. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सांचौर पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू करवाया. थोड़ी ही देर में गोताखोरों ने नहर से दो शव बाहर निकाले, जो आपस में दुपट्टे से बंधे हुए थे. मृतकों की शिनाख्त बाड़मेर के श्रवण और गुजरात की शोभा के रूप में हुई.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
सांचौर पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि आखिर ऐसी क्या स्थिति बन गई थी कि शादी के महज एक महीने बाद ही युवक को इतना खौफनाक कदम उठाना पड़ा. खेतों की हरियाली से शुरू हुई यह प्रेम कहानी आखिरकार राजस्थान की नहर के ठंडे पानी में हमेशा-हमेशा के लिए दफन हो गई.
ADVERTISEMENT


