Barmer News: राजस्थान के बाड़मेर में प्रधानमंत्री फसल बीमा क्लेम की विसंगतियों को लेकर किसान सड़कों पर उतर गए. जिले के गुडामालानी कस्बे में पिछले 4 दिन से किसानों का धरना चल रहा था. वहीं पांचवे दिन रविवार को कस्बे के आसपास के हजारों किसानों ने अपने कृषि उपकरणों के साथ रैली निकालकर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. जब सैकड़ों किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे तो प्रशासन में हड़कंप मच गया. कस्बे के मुख्य मार्गों से जब किसानों की रैली गुजरी तो हर कहीं जाम लग गया. इससे पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ गई.
ADVERTISEMENT
दरअसल, बाड़मेर जिले के किसानों के खाते में वर्ष 2021 का बीमा क्लेम जमा हुआ तो किसानों के सपने धरे के धरे रह गए. क्योंकि किसी के खाते में 2 रुपए तो किसी के खाते में 5 से 10 या 20 रुपए जमा हुए. हजारों किसान ऐसे भी हैं जिनके खाते में अब तक बीमा क्लेम के रूप में एक रुपया भी नहीं आया. बीमा कंपनियों की मनमानी के चलते गुड़ामालानी कस्बे के किसान धरने कर बैठ गए. रैली में कई किसान हाथों में कुदाल, हल समेत कृषि उपकरण लेकर पैदल चल रहे थे तो दूसरी तरफ सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर लेकर पहुंचे.
किसानों की मांग है कि बीमा कंपनियों को क्लेम का आधार और फसल खराबे के प्रतिशत में किसान के खाते में आई क्लेम राशि को सार्वजनिक करना चाहिए. ताकि यह भी स्पष्ट हो कि किसान को खराबे के मुताबिक क्लेम मिला या नहीं. इसके अलावा किसानों ने मांग रखी कि फसल बीमा क्लेम की विसंगतियों को दूर को प्रत्येक किसान का हक उसे दिलाया जाए.
ADVERTISEMENT


