राजस्थान के ब्यावर जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है. लगभग छह महीने से लापता 46 वर्षीय लीला देवी रावत की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए न केवल हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि खेत में जुताई करवाकर महिला के कंकाल, हड्डियां, बैग और पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद किए हैं.
ADVERTISEMENT
13 मार्च से लापता थी लीला
ब्यावर के साकेत नगर थाना क्षेत्र की गंगा कॉलोनी में किराए पर रहने वाली लीला देवी रावत 13 मार्च 2026 को दशा माता की पूजा करने के बाद अचानक लापता हो गई थीं. परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद 11 अप्रैल को उनके पिता कालू सिंह ने पुलिस में गुमशुदगी (MPR) की रिपोर्ट दर्ज कराई.
कॉल डिटेल और टावर लोकेशन से खुला राज
मामले की जांच में जुटी साकेत नगर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल (CDR) का विश्लेषण किया. जांच में सामने आया कि 13-14 मार्च के दौरान लीला के मोबाइल की लोकेशन जोधपुर जिले के खोखरिया गांव के आसपास थी. उसी टावर लोकेशन पर कापरड़ा थाना क्षेत्र के पहचान निवासी राजू गिरी का मोबाइल भी एक्टिव मिला.
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
पुलिस ने जब संदिग्ध राजू गिरी को दस्तयाब कर पूछताछ शुरू की तो उसने बार-बार बयान बदलकर जांच को भटकाने की कोशिश की. आरोपी ने कभी शव को तालाब में फेंकने तो कभी किसी अन्य शव के साथ जलाने का दावा किया. हालांकि, जब पुलिस ने उसके दिए बयानों का भौतिक सत्यापन किया और सख्ती से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया.
खेत में ट्रैक्टर चलवाकर बरामद की हड्डियां
आरोपी राजू गिरी की निशानदेही पर पुलिस जोधपुर के खोखरिया इलाके के एक खेत में पहुंची. वहां जब कुछ नहीं मिला, तो पुलिस ने ट्रैक्टर से खेत की जुताई करवाई. मिट्टी के नीचे से महिला के पैर, पसलियां, धड़ और दांत समेत मानव कंकाल की हड्डियां बरामद हुईं. इसके अलावा मृतका का बैग, पहचान पत्र (दस्तावेज) और पैरों में पहनी बिछुड़ियां भी बरामद की गईं.
हत्या की वजह: पैसों का विवाद और ब्लैकमेलिंग
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राजू गिरी और लीला देवी पिछले करीब दो सालों से एक-दूसरे के संपर्क में थे. आरोपी का आरोप है कि लीला उससे करीब 5 लाख रुपये और उसकी पत्नी के सोने के गहने ले चुकी थी तथा और पैसों के लिए दबाव बना रही थी. इसी विवाद के चलते आरोपी लीला को बहला-फुसलाकर खोखरिया ले गया और सिर पर लाठी (लठ) से वार कर उसकी हत्या कर दी.
कोर्ट ने रिमांड पर भेजा
पुलिस ने आरोपी राजू गिरी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस अब कंकाल का डीएनए (DNA) टेस्ट करवाने की तैयारी कर रही है ताकि वैज्ञानिक रूप से पुष्टि हो सके. मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: 'स्वरा भास्कर फालतू की बयानबाज़ी करती हैं': रानी पद्मावती की तुलना देवी से कर बोले प्रताप सिंह
ADVERTISEMENT


