Rajasthan: राजस्थान के भरतपुर जिले के बयाना में एक सरकारी बैठक उस समय हंगामा मच गया, जब विधायक ऋतु बनावत और नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी (EO) अनीता कुशवाह के बीच तीखी बहस हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मर्यादा से बाहर निकलकर 'तू-तड़ाक' तक पहुंच गया. इस अनुशासनहीनता के चलते राज्य सरकार ने देर रात कार्रवाई करते हुए EO अनीता कुशवाह को सस्पेंड कर दिया है.
ADVERTISEMENT
भतीजे के दखल से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, शुक्रवार को विधायक ऋतु बनावत बयाना नगर पालिका के कामकाज की समीक्षा करने के लिए बैठक ले रही थीं. बैठक में विधायक अधिकारियों से सवाल-जवाब कर रही थीं, तभी वहां मौजूद EO के भतीजे नितिन कुशवाह ने बीच में टोकना शुरू कर दिया. जब विधायक ने उसे अनुशासन में रहने और बाहर जाने को कहा तो EO अनीता कुशवाह भड़क गईं. उन्होंने विधायक से कहा, "वह मेरी फैमिली है, तूने उसे बाहर जाने को कैसे बोला?"
सफाई टेंडर और चोरी के मामलों पर हुई थी घेराबंदी
हंगामे से पहले विधायक ने नगर पालिका में हो रही अनियमितताओं पर सवाल उठाए थे. विधायक बनावत ने पाया कि शहर में सफाई का ठेका बार-बार एक ही कंपनी को मिल रहा है. उन्होंने इसे कमीशन का खेल बताते हुए जांच की बात कही. इसके अलावा, सुलभ कॉम्प्लेक्स से 2 महीने पहले चोरी हुए AC की FIR दर्ज न कराने को लेकर भी विधायक ने कड़ी नाराजगी जाहिर की थी.
मंत्री से शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
बैठक में हुई इस अभद्रता के तुरंत बाद विधायक ऋतु बनावत ने इसकी शिकायत स्वायत्त शासन (UDH) मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जिला कलेक्टर और संभागीय आयुक्त से की. शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए स्वायत्त शासन विभाग (DLB) ने देर रात EO अनीता कुशवाह के निलंबन का आदेश जारी कर दिया. फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा पूरे जिले में हो रही है.
घटना का वीडियो देखिए
ADVERTISEMENT


