'कूरियर बॉय' बनकर आया लुटेरा, बच्चे की गर्दन पर चाकू रख मां को बांधा; भिवाड़ी की पॉश सोसाइटी में लाखों की सनसनीखेज डकैती

Bhiwadi Crime News: राजस्थान के भिवाड़ी की आशियाना तरंग सोसाइटी में कोरियर बॉय बनकर आए एक शातिर बदमाश ने इंजीनियर शुभम सक्सेना के फ्लैट में घुसकर महिला और बच्चे को बंधक बना लिया. बच्चे की गर्दन पर चाकू रखकर लाखों की नकदी-जेवर लूट लिए.

bhiwadi
bhiwadi

हिमांशु शर्मा

follow google news

Rajasthan Crime News: राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी से सुरक्षा व्यवस्था को तार-तार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है. यहां की एक बेहद पॉश 'आशियाना तरंग सोसाइटी' में दिनदहाड़े एक बदमाश ने कूरियर डिलीवरी बॉय बनकर एक इंजीनियर के फ्लैट में प्रवेश किया और फिल्मी अंदाज में बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया. इस घटना के बाद से पूरी सोसाइटी के निवासियों में डर और दहशत का माहौल है.

Read more!

बच्चे की जान का डर दिखाकर दी वारदात को अंजाम

घटना के वक्त फ्लैट के मालिक और पेशे से इंजीनियर शुभम सक्सेना अपने ऑफिस गए हुए थे. घर पर उनकी पत्नी और उनका छोटा बेटा अकेले थे. इसी दौरान एक अज्ञात युवक कूरियर देने के बहाने उनके फ्लैट नंबर B1-403 पर पहुंचा. महिला ने जैसे ही दरवाजा खोला, आरोपी ने तुरंत हथियार निकाल लिया और महिला को बंधक बनाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए.

इतना ही नहीं, शातिर बदमाश ने मासूम बच्चे के गले पर चाकू रख दिया और महिला को चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी दी. बच्चे की जान खतरे में देख मां सहम गई, जिसके बाद लुटेरा घर में रखा कैश  और सोने-चांदी के कीमती जेवर समेट कर रफूचक्कर हो गया.

वारदात के बीच पहुंचा 'असली कूरियर बॉय'! 

इस पूरी वारदात के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब बदमाश घर के अंदर लूटपाट कर ही रहा था कि तभी वहां 'असली कूरियर बॉय' भी पार्सल लेकर पहुंच गया. पकड़े जाने के डर से घबराने के बजाय आरोपी ने गजब की चालाकी दिखाई. उसने खुद आगे बढ़कर असली कूरियर बॉय से पार्सल रिसीव किया और कूरियर के पैसे भी चुकाए ताकि बाहर खड़े व्यक्ति को जरा भी शक न हो इसके बाद वह बड़े ही आराम से सोसाइटी से फरार हो गया.

मेंटेनेंस के नाम पर हजारों की वसूली

दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही भिवाड़ी पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक (SP) बृजेश उपाध्याय ने खुद भारी जाब्ते के साथ मौका-मुआयना किया और सोसाइटी में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस का अनुमान है कि आरोपी ने पहले से ही फ्लैट और पीड़ित परिवार की पूरी रेकी की थी.

इस घटना ने गेटेड सोसाइटियों की सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि हर महीने हजारों रुपये मेंटेनेंस और सिक्योरिटी के नाम पर देने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे है. यहां तक कि वारदात के समय सोसाइटी के मुख्य गेट पर कोई गार्ड भी तैनात नहीं था.

 

    follow google news