भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 8 मजदूरों की जिंदा जलने से मौत; इलाके में हड़कंप

राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया की एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई. इस हादसे में 8 मजदूरों की जिंदा जलने से मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलाके में शोक का माहौल है.

bhiwadi
bhiwadi

संतोष शर्मा

follow google news

Bhiwadi Factory Fire: राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे 8 कर्मचारियों की जिंदा जलने से मौत हो गई है. दो लोगों को दिल्ली एम्स के लिए रेफर किया गया है. उनमें से एक की मौत हो चुकी है.

Read more!

घटना के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे. आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास की फैक्ट्रियों में अफरा-तफरी मच गई. एहतियातन अन्य इकाइयों को खाली कराया गया और बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से बंद कर दी गई.

अवैध पटाखा निर्माण की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह फैक्ट्री कई महीनों से बंद थी. इसे मालिक ने किराए पर दे रखा था. आरोप है कि किरायेदार यहां अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम कर रहा था. फैक्ट्री में भारी मात्रा में बारूद और गत्ते का स्टॉक रखा था. अचानक आग लगने से वहां रखा ज्वलनशील सामान भड़क उठा और कई धमाके हुए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के दौरान 3 से 4 बार जोरदार धमाके हुए. धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई.

दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर

एडीएम भिवाड़ी सुमित्रा मिश्र ने बताया कि पुलिस गश्ती दल ने फैक्ट्री से धुआं उठता देखा, जिसके बाद तुरंत प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी गई. करीब आधा दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. 

अब तक 8 शव बाहर निकाले जा चुके हैं. मृतक मजदूर उत्तर प्रदेश और बिहार के बताए जा रहे हैं. एक युवक के अंदर फंसे होने की आशंका के चलते सर्च ऑपरेशन जारी है.

बंद फैक्ट्री में क्या चल रहा था?

दमकल इंचार्ज राजू खान के मुताबिक, औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट नंबर G-1, 118 में स्थित यह यूनिट लंबे समय से बंद थी. सोमवार सुबह करीब 10 बजे अचानक अंदर से धुआं उठता दिखा और कुछ ही देर में आग फैल गई. सवाल यह है कि बंद फैक्ट्री में किस तरह का काम चल रहा था, जिससे इतना बड़ा धमाका हुआ.

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. अवैध पटाखा निर्माण और लापरवाही के पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

 

    follow google news