बीकानेर: परीक्षा देने निकली 8वीं की छात्रा की बेरहमी से हत्या, अर्धनग्न हालत में झाड़ियों में मिली लाश; इलाके में भारी तनाव

Bikaner Murder Case: राजस्थान के बीकानेर जिले के रंजीतपुरा इलाके में 8वीं कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा की हत्या से सनसनी फैल गई. परीक्षा देने निकली बच्ची का शव नहर किनारे झाड़ियों में अर्धनग्न हालत में मिला, जिससे दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है. परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम से इनकार किया है. जानिए पूरा मामला और अब तक की कार्रवाई.

Bikaner Murder Case
Bikaner Murder Case

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान के बीकानेर जिले के रंजीतपुरा इलाके से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां 13 साल की एक मासूम बच्ची, जो अपने घर से बोर्ड की परीक्षा देने के लिए निकली थी, उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. बच्ची का शव नहर के पास झाड़ियों में अर्धनग्न हालत में मिला, जिससे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है. आइए विस्तार से जानते है मामले की पूरी कहानी.

Read more!

घर से महज 2 किमी दूर हुई दरिंदगी

सैन समाज की यह बच्ची 21 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:15 बजे अपने घर से परीक्षा केंद्र के लिए निकली थी. स्कूल घर से केवल 2 किलोमीटर की दूरी पर था. जब करीब डेढ़ घंटे बाद स्कूल से परिजनों को फोन आया कि बच्ची परीक्षा देने नहीं पहुंची है, तब उनकी चिंता बढ़ी. तलाश करने पर बच्ची का शव नहर के पास झाड़ियों में मिला. परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई है.

'जब तक गिरफ्तारी नहीं, तब तक नहीं उठेगी लाश'

घटना के बाद से ही बीकानेर के बज्जू मोर्चरी के बाहर भारी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न समाजों के लोग जमा हैं. परिजनों ने साफ तौर पर ऐलान कर दिया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे न तो पोस्टमार्टम होने देंगे और न ही शव को उठाएंगे. प्रदर्शनकारियों ने 'कातिलों को फांसी दो' के नारों के साथ पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है.

पुलिस की 10 टीमें जांच में जुटीं

बीकानेर एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 थानों के एसएचओ (SHO) और साइबर सेल की टीमों को जांच में लगाया गया है. एफएसएल (FSL), एमओबी और डॉग स्क्वायड की टीमों ने मौके से सबूत जुटाए हैं. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और दुष्कर्म की आशंका को लेकर भी धाराएं जोड़ी गई हैं. हालांकि, पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी.

सियासी पारा गरमाया: बेनीवाल और डोटासरा ने उठाए सवाल

बीकानेर के इस कांड ने राजस्थान की राजनीति में भी भूचाल ला दिया है. नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. हनुमान बेनीवाल ने मांग की है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और दोषियों को फांसी की सजा दी जाए. उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश के माथे पर कलंक है.

मासूम के सपने और खौफनाक हकीकत

आठवीं क्लास की यह छात्रा किताबों में अपने सुनहरे भविष्य के सपने सजा रही थी, लेकिन दरिंदों ने उसकी कहानी का दर्दनाक अंत कर दिया. वर्तमान में पुलिस और जनता के बीच गतिरोध जारी है. पूरा गांव और आस-पास के व्यापार मंडल के लोग न्याय की मांग को लेकर परिजनों के साथ खड़े हैं. सवाल बस यही है कि क्या इस मासूम को समय रहते इंसाफ मिल पाएगा?

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: आत्महत्या या कुछ और.. बारात आने से पहले जोधपुर में दो दुल्हन बहनों की मौत! मामा ने लगाया गंभीर आरोप 

    follow google news