राजस्थान के बारां में नगर परिषद चुनाव की वोटिंग खत्म होने के बाद भाजपा प्रत्याशी के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है. वार्ड नंबर 16 से चुनाव लड़ रहीं एडवोकेट अंतिमा यादव अपने पति संजय यादव और 7-8 साल के बच्चे के साथ गायब हैं. मतदान के बाद से तीनों के मोबाइल फोन बंद हैं. परिजनों ने अज्ञात लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
मतदान के बाद नहीं पहुंचीं घर
बारां नगर परिषद चुनाव के पहले चरण में 9 सितंबर को मतदान हुआ था. परिजनों के मुताबिक, अंतिमा यादव मतदान के दिन अंबेडकर भवन स्थित बूथ पर जनसंपर्क कर रही थीं. शाम करीब 5 बजे तक वह मतदान केंद्र पर मौजूद थीं. इसके बाद वह पति और बच्चे के साथ घर के लिए रवाना हुईं. लेकिन देर तक घर नहीं पहुंचीं. परिवार ने पहले अपने स्तर पर तलाश की. रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी ली गई, लेकिन तीनों का कोई पता नहीं चला. इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया.
तीनों के मोबाइल फोन बंद
अंतिमा यादव, उनके पति संजय यादव और बच्चे के मोबाइल फोन मतदान के बाद से बंद बताए जा रहे हैं. लगातार संपर्क नहीं होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है. परिजन राजेंद्र यादव ने बताया कि वह मतदान केंद्र पर पोलिंग एजेंट के तौर पर मौजूद थे. उन्होंने बताया कि शाम तक अंतिमा बूथ पर दिखाई दी थीं. इसके बाद उनका परिवार से संपर्क नहीं हुआ. अंतिमा की सास अंगूरी बाई और मां कृष्णा बाई की ओर से कोतवाली थाने में शिकायत दी गई. शिकायत में अज्ञात लोगों पर तीनों को जबरन ले जाने का आरोप लगाया गया है.
दोनों पति-पत्नी हैं अधिवक्ता
अंतिमा यादव और उनके पति संजय यादव दोनों पेशे से अधिवक्ता हैं. अंतिमा भाजपा के टिकट पर वार्ड नंबर 16 से नगर परिषद चुनाव लड़ रही थीं. वोटिंग के बाद उनका अचानक लापता होना राजनीतिक तौर पर भी चर्चा का विषय बन गया है. खास बात यह है कि चुनाव के बाद प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं चल रही थीं.
भाजपा संगठन भी तलाश में जुटा
अंतिमा यादव से संपर्क टूटने के बाद भाजपा संगठन की चिंता भी बढ़ गई है. भाजपा नगर अध्यक्ष ओपी पारेता ने बताया कि मतदान के बाद पार्टी प्रत्याशियों से फीडबैक लेती है. जरूरत होने पर उन्हें पार्टी कार्यालय भी बुलाया जाता है. लेकिन अंतिमा से मतदान के बाद कोई संपर्क नहीं हो सका. परिवार से भी अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है. पार्टी की ओर से भी अपने स्तर पर उनकी तलाश की जा रही है. पार्टी पदाधिकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 16 में भाजपा अपनी स्थिति मजबूत मान रही है और उसे जीत की उम्मीद है.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोतवाली थाना सीआई हीरालाल पुनिया के अनुसार, परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आसपास के रास्तों और इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देख रही है. पुलिस इस मामले में सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है. फिलहाल यह साफ नहीं है कि अंतिमा यादव, उनके पति और बच्चे के साथ वास्तव में अपहरण हुआ है या उनके लापता होने के पीछे कोई दूसरा कारण है.जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी.
ADVERTISEMENT


