राजस्थान की राजधानी जयपुर के मनोहरपुर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय नेता रामावतार असवाल उर्फ पप्पू की बीती 1 जून की रात उनके कबाड़ गोदाम में खून से लथपथ लाश मिली थी. रामावतार राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय थे, इसलिए शुरुआत में कयास लगाए जा रहे थे कि यह हत्या किसी राजनीतिक रंजिश या पुरानी दुश्मनी के चलते हुई है.
ADVERTISEMENT
इलाके में बढ़े तनाव को देखते हुए जयपुर ग्रामीण पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया. पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी जांच और कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस 20 साल के एक युवक सोहेल तक पहुंची, जो वेल्डिंग का काम करता है.
एक कूलर और कबूतर के चक्कर में मर्डर
पुलिस पूछताछ में जो सच्चाई सामने आई, उसने सबको चौंका दिया. आरोपी सोहेल अक्सर रामावतार के गोदाम में स्क्रैप बेचने आता-जाता रहता था. घटना वाले दिन वह अपने कबूतरों के लिए एक पुराना कूलर खरीदने वहां पहुंचा था. कूलर की कीमत को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. इसी बीच रामावतार का कोई परिचित वहां आ गया और वे उससे बात करने लगे. आरोपी को इंतजार करना पड़ा, जिससे उसका गुस्सा और बढ़ गया.
उस व्यक्ति के जाने के बाद दोनों में फिर से कहासुनी हुई. विवाद इतना बढ़ा कि सोहेल ने गुस्से में आकर पास ही पड़ी लोहे की एंगल उठाई और रामावतार के सिर पर दे मारी. बीजेपी नेता के जमीन पर गिरते ही आरोपी ने चाकू निकाला और उनकी गर्दन व हाथों पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे मौके पर ही रामावतार की मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने की कोशिश कर रही है. इस घटना के बाद प्रशासनिक फेरबदल करते हुए जयपुर ग्रामीण एसपी ने 7 थानों के थानेदारों का तबादला कर दिया है और एक को लाइन हाजिर किया है.
ADVERTISEMENT


