'तेरे बाप का राज है क्या...' मंदिर के बाहर गंदगी देख भड़के BJP विधायक बालमुकुंद, वीडियो वायरल

जयपुर के हवामहल इलाके से एक बड़ा विवाद सामने आया है. मंदिर के पास खुलेआम जानवर काटने और सड़क पर खून फैलाने की शिकायत मिलने के बाद भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य खुद मौके पर पहुंचे. वहां का नजारा देखकर वे भड़क गए.

Balmukund Acharya
Balmukund Acharya

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान की राजधानी जयपुर के हवामहल विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और तनावपूर्ण मामला सामने आया है. इलाके में खुलेआम जानवर काटने और सार्वजनिक जगहों पर खून फैलाने के आरोपों को लेकर जमकर हंगामा हुआ. मामला इतना बढ़ गया कि स्थानीय भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य खुद मौके पर पहुंच गए. वहां की स्थिति देखकर विधायक का गुस्सा फूट पड़ा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, हवामहल क्षेत्र के आनंद कॉलोनी और सीतारामपुर इलाके से विधायक बालमुकुंद आचार्य को स्थानीय लोगों ने शिकायत दी थी. शिकायत में कहा गया था कि मंदिर के ठीक पास खुलेआम जानवर काटे जा रहे हैं. इतना ही नहीं, अर्ध कटे जानवरों को कॉलोनी में घुमाया जा रहा है और सड़कों पर खून फैलाया जा रहा है, जिससे वहां से गुजरने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी हो रही है.

कैमरे में कैद हुआ विधायक का गुस्सा

सूचना मिलते ही जब विधायक बालमुकुंद आचार्य मौके पर पहुंचे, तो वहां सड़क पर जानवरों का खून और गंदगी देखकर वे बेहद नाराज हो गए. विधायक ने आरोप लगाया कि सड़क पर खून बह रहा था, आसपास खड़ी गाड़ियों पर खून के छींटे पड़े थे और मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं के कपड़ों पर भी इसके निशान आ रहे थे, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं.

मौके पर मौजूद लोगों से बहस के दौरान विधायक ने तीखे लहजे में कहा, "तेरे बाप का राज है क्या जो मंदिर के बाहर बकरा कटेगा? चौराहे पर काट रहे हैं, मंदिर के बाहर खून ही खून हो रहा है. कोई तरीका थोड़ी ना है."

एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस बल तैनात

घटनास्थल पर बढ़ते तनाव को देखते हुए तुरंत पुलिस के उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया. विधायक ने इस कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की. इसके बाद ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है.

विधायक बालमुकुंद आचार्य ने इस घटना पर कहा कि हर समुदाय को अपने त्योहार मनाने का अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह से गंदगी और खून फैलाकर दूसरों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती.

 

    follow google news