लंदन में पढ़ाई, हरियाणा में सियासी शुरुआत और राजस्थान में विधायक... कौन हैं नौक्षम चौधरी जो BJP प्रदेश मुख्यालय में गार्ड से विवाद के बाद चर्चा में आई

न्यूज तक डेस्क

• 02:26 PM • 31 Aug 2026

BJP MLA Nauksham Choudhary Video: जयपुर स्थित राजस्थान बीजेपी प्रदेश मुख्यालय के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब कामां से बीजेपी विधायक नौक्षम चौधरी को सुरक्षा गार्ड ने गेट पर ही रोक दिया. निकाय चुनाव की बैठक में शामिल होने आईं विधायक गार्ड से बहस के बाद धक्का देकर जबरन कार्यालय के अंदर दाखिल हुईं.

नौक्षम चौधरी और गार्ड के बीच तीखी बहस
नौक्षम चौधरी और गार्ड के बीच तीखी बहस
Google CTA

Nauksham Choudhary BJP MLA : राजस्थान बीजेपी के जयपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय के बाहर उस वक्त हंगामा हो गया, जब कामां विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक नौक्षम चौधरी को पार्टी कार्यालय के मुख्य गेट पर ही सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया. वह निकाय चुनाव को लेकर होने वाली एक अहम बैठक में शामिल होने के लिए बीजेपी दफ्तर पहुंची थीं. बताया जा रहा है कि जैसे ही नौक्षम चौधरी ने अंदर जाने की कोशिश की, वहां तैनात गार्ड ने गेट बंद कर दिया और उन्हें रोक दिया. इसके बाद मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और काफी देर तक हंगामा चलता रहा.

Read more!

गार्ड बोला- ऊपर से गेट बंद रखने का आदेश है

सामने आई वीडियो में बीजेपी की महिला विधायक नौक्षम चौधरी और सुरक्षा गार्ड के बीच मुख्य द्वार पर तीखी बहस होती दिखाई दे रही है. जब विधायक ने गार्ड से रोक जाने का कारण पूछा तो गार्ड ने कहा कि उन्हें ऊपर से सख्त निर्देश मिले हैं कि गेट बंद रखा जाए. इस पर विधायक नाराज हो गईं और उन्होंने गार्ड से सवाल किया कि क्या वह उन्हें पहचानता नहीं है. गार्ड ने जवाब दिया कि वह उन्हें जानता है, लेकिन ऊपर के आदेश के कारण गेट नहीं खोल सकता.

भड़कीं विधायक, धक्का देकर दफ्तर के अंदर किया प्रवेश

गार्ड की बात सुनकर विधायक नौक्षम चौधरी का गुस्सा और बढ़ गया. उन्होंने खुद ही गेट खुलवाने की कोशिश की और धक्का देकर पार्टी दफ्तर के अंदर प्रवेश कर गईं. सत्ताधारी दल की एक विधायक का अपने ही प्रदेश मुख्यालय के गेट पर रोका जाना और फिर धक्का देकर अंदर जाने का यह घटनाक्रम अब पूरे राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.

वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी के अंदर चर्चाएं तेज

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बीजेपी के भीतर भी तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं. एक तरफ पार्टी निकाय चुनावों की तैयारियों में जुटी हुई है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश कार्यालय के बाहर विधायक और सुरक्षाकर्मी के बीच हुआ यह विवाद सुर्खियों में आ गया है. अब देखना होगा कि इस पूरे मामले पर पार्टी आलाकमान की ओर से क्या सफाई या कदम सामने आता है.

कौन हैं नौक्षम चौधरी?

नौक्षम चौधरी राजस्थान की कामां विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की विधायक हैं. उनका जन्म 22 अक्टूबर 1990 को हुआ था. वह राजस्थान विधानसभा में सक्रिय हैं और महिलाओं एवं बालकों के कल्याण संबंधी समिति की सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी निभा रही हैं. वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लिए उन्हें इस समिति में सदस्य बनाया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नौक्षम चौधरी मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली हैं. उनकी मां रणजीत कौर हरियाणा में आईएएस अधिकारी रही हैं, जबकि उनके पिता आरएस चौधरी सेवानिवृत्त जज हैं. नौक्षम ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस कॉलेज से पढ़ाई की. इसके बाद वह आगे की शिक्षा के लिए लंदन गईं, जहां उन्होंने मीडिया प्रमोशन एंड कम्युनिकेशन की पढ़ाई की. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय लंदन में नौकरी भी की, लेकिन बाद में भारत लौट आईं और राजनीति में आने का फैसला किया. कॉलेज के दिनों में भी वह छात्र राजनीति से जुड़ी रही थीं. वर्ष 2019 में उन्होंने बीजेपी का दामन थामा. इसके बाद पार्टी ने उन्हें हरियाणा विधानसभा चुनाव में पुन्हाना सीट से उम्मीदवार बनाया, हालांकि उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. बाद में उन्होंने राजस्थान की कामां विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा में जगह बनाई.

यह भी पढ़ें: