कैमरे हटाए, दी घमकी... क्या खत्म हो गई शेखावाटी के मशहूर कॉमेडियन Panku और Bannu की बरसों पुरानी दोस्ती, जानें पूरा सच

सीकर के मशहूर कॉमेडियन पंकू और बन्नू के बीच 5 साल पुरानी दोस्ती अब जमीन विवाद के कारण गहरी दुश्मनी में बदल गई है, जिसके चलते पुलिस की एंट्री और भारी हंगामे ने मामले को गरमा दिया है. पंकू ने जहां पुलिस और बन्नू पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, वहीं बन्नू ने इसे एकतरफा कहानी बताते हुए सबूतों के साथ पलटवार करने की बात कही है.

Panku Bannu
Panku Bannu

न्यूज तक डेस्क

follow google news

कभी अपनी जुगलबंदी से लाखों चेहरों पर मुस्कान लाने वाली शेखावाटी की मशहूर कॉमेडियन जोड़ी, पंकज सोनी (पंकू) और बनवारी लाल गोस्वामी (बन्नू) के बीच अब 'कॉमेडी' नहीं, बल्कि 'क्राइम' और विवाद की कहानी शुरू हो गई है. 2019 से शुरू हुई यह गहरी दोस्ती अब जमीन और प्रॉपर्टी के विवाद के चलते सड़क पर आ गई है.

Read more!

आधी रात को पुलिस की दस्तक और गंभीर आरोप

विवाद ने तब तूल पकड़ा जब मंगलवार रात करीब 8:00 बजे पुलिस अचानक पंकज सोनी उर्फ पंकू के घर पहुँची. पंकू का आरोप है कि पुलिस बिना किसी नोटिस के उनके घर में घुसी, वहां लगे सीसीटीवी कैमरे हटा दिए और उनके परिवार के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया. पंकू ने दावा किया कि उन्हें घर खाली करने की धमकी दी जा रही है.

8 महीने पुराना है विवाद

रिपोर्ट के मुताबिक, पंकू और बन्नू के बीच यह विवाद करीब 8 महीने पहले (28 सितंबर) को जमीन के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ था. पंकू का कहना है कि उन्होंने दोस्ती के भरोसे पर घर की रजिस्ट्री नहीं करवाई थी, जिसका फायदा अब उठाया जा रहा है.

SP ऑफिस पहुंचे पंकू

घटना के अगले दिन पंकू ने सीकर एसपी प्रवीण ननावत से मुलाकात की और सुरक्षा की मांग करते हुए लिखित शिकायत सौंपी. पंकू ने कहा, "मैं काम के सिलसिले में बाहर रहता हूँ और घर पर मेरे बुजुर्ग माता-पिता अकेले होते हैं, मुझे उनकी सुरक्षा की चिंता है."

मेरे साथ हुई है धोखाधड़ी

वहीं दूसरी तरफ, बनवारी लाल (बन्नू) ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि लोग केवल एक पक्ष सुनकर फैसला न करें. उन्होंने पंकू पर उनका यूट्यूब चैनल उड़ाने और अन्य धोखेबाजी के आरोप लगाए हैं. बन्नू का कहना है कि वह जल्द ही सबूतों के साथ अपना पक्ष जनता और प्रशासन के सामने रखेंगे. कभी एक साथ जीरो से शुरुआत करने वाली यह जोड़ी आज कानूनी लड़ाई और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप में उलझी हुई है.

 

    follow google news