दौसा में लव मैरिज से भड़की 84 गांवों की खाप पंचायत, लड़की पक्ष को हिदायत देते हुए ठोक दिया मोटा जुर्माना

संदीप मीणा

• 04:56 PM • 16 Jul 2026

राजस्थान के दौसा में एक प्रेम विवाह पर खाप पंचायत द्वारा 21 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाने और समाज से बाहर करने की धमकी का मामला सामने आया है. जान का खतरा बताते हुए नवविवाहिता ने वीडियो जारी कर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Dausa
Dausa
Google CTA

दौसा में प्रेम विवाह पर खाप पंचायत का कड़ा रुख, पीड़ित परिवार पर लगाया 21 लाख का जुर्माना
रामगढ़ पचवारा (दौसा). राजस्थान के दौसा जिले से प्रेम विवाह को लेकर खाप पंचायत के तुगलकी फरमान का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां रामगढ़ पचवारा इलाके में एक जोड़े की लव मैरिज से नाराज 84 गांवों की खाप पंचायत ने लड़की पक्ष पर 21 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगा दिया है. आरोप है कि यदि जुर्माना राशि नहीं चुकाई गई, तो परिवार का हुक्का-पानी बंद कर समाज से बाहर कर दिया जाएगा. इस फरमान के बाद सहमे हुए जोड़े और उनके परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ पचवारा के रहने वाले अर्जुन लाल मीणा के भतीजे कमलेश मीणा ने एक युवती के साथ अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है. दोनों बालिग हैं और एक-दूसरे के साथ रहना चाहते हैं. परिवार का आरोप है कि इस शादी के विरोध में 84 गांवों की खाप पंचायत बुलाई गई. पीड़ित परिवार का कहना है कि पंचायत में उनकी एक न सुनी गई और उन पर भारी दबाव बनाते हुए 21 लाख रुपये का दंड सुना दिया गया.

दुल्हन ने वीडियो जारी कर लगाई सुरक्षा की गुहार

खाप पंचायत के इस फैसले के बाद नवविवाहिता ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है. वीडियो में युवती साफ कह रही है कि उसने अपनी पूरी मर्जी और रजामंदी से यह शादी की है. उसका किसी ने अपहरण नहीं किया है. युवती ने अपने ससुराल और पीहर पक्ष के कुछ असामाजिक तत्वों से अपनी और अपने पति की जान को खतरा बताया है. उसने प्रशासन और पुलिस से तुरंत सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की है.

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

मामला सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मुस्तैद हो गई है. रामगढ़ पचवारा के थाना अधिकारी मदनलाल मीणा ने बताया कि पुलिस को युवती की तरफ से सुरक्षा की मांग का एक प्रार्थना-पत्र मिला है. पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और इस्तगासा दायर कर उन्हें पाबंद किया है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे.