दौसा में सनसनी: महिला कर्मचारी को जूस में दिया जहर? अफसर ने भी लगाई फांसी, खुलासों से पुलिस दंग

Sheetal Meena Dausa: राजस्थान के दौसा में सब-ट्रेजरी दफ्तर की जूनियर अकाउंटेंट शीतल मीणा की जहर खाने से संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों ने दफ्तर के अधिकारी मनोज मीणा पर हत्या और प्रताड़ना का आरोप लगाया. पुलिस केस दर्ज होने के तुरंत बाद आरोपी अधिकारी मनोज मीणा ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली.

dausa
dausa

अमित भारती

follow google news

Sheetal Meena Dausa: राजस्थान के दौसा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. सिकराय उपकोष कार्यालय (सब-ट्रेजरी ऑफिस) में तैनात 25 साल की जूनियर अकाउंटेंट शीतल मीणा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शीतल की मौत की वजह जहर की पुष्टि हुई है. इस घटना के कुछ ही घंटों बाद, मामले में नामजद उपकोष अधिकारी (ट्रेजरी ऑफिसर) मनोज मीणा ने भी महुआ स्थित अपने घर पर फांसी लगाकर जान दे दी. एक ही दफ्तर के दो अधिकारियों की मौत से पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है.

Read more!

अचानक बिगड़ी थी तबीयत

यह पूरा मामला बुधवार की शाम से शुरू हुआ. जूनियर अकाउंटेंट शीतल मीणा रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर थीं. दोपहर में वे किसी विभागीय काम से गीजगढ़ गई थीं. वहां से लौटकर उन्होंने दफ्तर में काम किया. शाम करीब 5 बजे अचानक शीतल को तेज उल्टियां होने लगीं. दफ्तर का स्टाफ उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गया. हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

परिजनों ने लगाया जहर देने का आरोप 

शीतल की मौत के बाद परिजनों ने उपकोष अधिकारी मनोज मीणा और अन्य स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं. भाई लालाराम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. परिजनों का कहना है कि दफ्तर में शीतल को प्रताड़ित किया जा रहा था. आरोप है कि दफ्तर में किसी पेय पदार्थ (जूस) में जहर मिलाकर शीतल को दिया गया. पुलिस जब जांच के लिए दफ्तर पहुंची, तो वहां शीतल का मोबाइल फोन टूटा हुआ मिला. उनकी स्कूटी भी रात भर परिसर में ही खड़ी रही. दफ्तर के सभी कर्मचारियों ने जूस पिया था, लेकिन तबीयत सिर्फ शीतल की बिगड़ी.

ट्रेजरी अफसर का सुसाइड 

शीतल मीणा की मौत के बाद जैसे ही पुलिस ने जांच शुरू की, केस में नया मोड़ आ गया. मामले में नामजद अधिकारी मनोज मीणा का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला. मौत से पहले मनोज मीणा ने बताया था कि शीतल ने दिनभर सामान्य रूप से काम किया था और शाम को अचानक उनकी तबीयत खराब हुई थी. पुलिस को मनोज मीणा के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है. इस नोट में उन्होंने अपनी मौत के लिए दो लोगों को जिम्मेदार ठहराया है. फिलहाल पुलिस ने जूस के सैंपल को जांच के लिए भेज दिया है और दोनों ही मामलों की बारीकी से तफ्तीश कर रही है.

    follow google news