दिल्ली के हाई-प्रोफाइल अमर कॉलोनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी राहुल मीणा की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में मौजूद राहुल पर अब राजस्थान के अलवर में दर्ज दुष्कर्म के मामले में भी पुलिस का घेरा मजबूत होता जा रहा है. अलवर पुलिस की शुरुआती जांच में राहुल के खिलाफ रेप के आरोप सही पाए गए हैं, जिसके बाद अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर अलवर लाने की तैयारी शुरू कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
शादी समारोह से लौटकर की थी घिनौनी वारदात
पुलिस जांच के अनुसार, दिल्ली में हत्या की वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले राहुल मीणा अलवर में एक शादी समारोह में आया था. आरोप है कि वहां से लौटने के बाद उसने अपने ही एक दोस्त की पत्नी के साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता की शिकायत पर राजगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने इस मामले में पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ-साथ कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज करा लिए हैं.
पुख्ता सबूतों के बाद एक्शन में अलवर पुलिस
अलवर के पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच और जुटाए गए सबूतों के आधार पर राहुल के खिलाफ लगाए गए आरोप सही मिले हैं. पुलिस ने सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं. जैसे ही दिल्ली पुलिस की पूछताछ और संबंधित कार्रवाई पूरी होगी, अलवर पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर राजस्थान लाएगी.
पिता और करीबी रिश्तेदार अभी भी पुलिस रडार पर
राहुल की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली और अलवर पुलिस ने एक साझा ऑपरेशन चलाया था. इस दौरान छह लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से चार को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया है. हालांकि, राहुल के पिता और उसके करीबी साथी प्रिंस के पिता अभी भी पुलिस की निगरानी में हैं. पुलिस के मुताबिक, राहुल की लोकेशन ट्रेस करने में इन लोगों की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है. फिलहाल आरोपी दिल्ली पुलिस की हिरासत में है, जिसके बाद अलवर पुलिस उसे अपने केस में रिमांड पर लेगी.
ADVERTISEMENT


