NEET का तनाव या कुछ और? लाइब्रेरी से लौटी फिर फंदे से झूल गई अलवर की रेणु मीणा! दिल्ली में कर रही थी तैयारी

अलवर के भनोखर गांव की 18 वर्षीय मेधावी छात्रा रेणु मीणा ने दिल्ली में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह पिछले कुछ सालों से वहां रहकर NEET की तैयारी कर रही थी. 10वीं और 12वीं में 90% से अधिक अंक लाने वाली रेणु की मौत से इलाके में शोक है. खुदकुशी की वजह NEET परीक्षा से जुड़ा तनाव माना जा रहा है.

renu meena
renu meena

हिमांशु शर्मा

follow google news

देश की राजधानी दिल्ली में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही राजस्थान की एक होनहार छात्रा की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है. अलवर जिले के कठूमर क्षेत्र के भनोखर गांव की रहने वाली 18 वर्षीय रेणु मीणा ने दिल्ली में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. रेणु का सपना एक बेहतरीन डॉक्टर बनने का था. इस घटना के बाद से उनके पैतृक गांव भनोखर और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है.

Read more!

भाई-बहन बुलाते रहे चाय, कमरे में लटका मिला शव

जानकारी के मुताबिक, रेणु दिल्ली में अपने तीन बहनों और एक भाई के साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटी थी. उसके पिता हरिनारायण मीणा दिल्ली के पालम एयरपोर्ट इलाके में एक प्राइवेट जॉब करते हैं. घटना वाले दिन यानी 14 जून की शाम को सभी भाई-बहन रोजाना की तरह लाइब्रेरी से पढ़ाई करके अपने कमरे पर लौटे थे. इसके बाद रेणु अपने कमरे में चली गई. थोड़ी देर बाद जब भाई-बहनों ने उसे चाय पीने के लिए आवाज दी तो अंदर से कोई हलचल नहीं हुई. काफी देर तक जवाब न मिलने पर जब दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए. रेणु का शव कमरे के रोशनदान में फंदे से लटका हुआ था.

पढ़ाई में बेहद मेधावी थी रेणु

परिजनों ने बताया कि रेणु बचपन से ही पढ़ाई में काफी तेज थी. उसने अपनी 10वीं और 12वीं, दोनों ही बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से ज्यादा नंबर हासिल किए थे. उसका एकमात्र लक्ष्य डॉक्टर बनना था और इसी जिद के कारण वह दिन-रात पढ़ाई में जुटी रहती थी. वह रोजाना कई-कई घंटे लाइब्रेरी में बिताती थी ताकि अपनी परीक्षा को क्रैक कर सके.

NEET परीक्षा के विवादों से डिप्रेशन की चर्चा

स्थानीय लोगों और रेणु के करीबियों के बीच चर्चा है कि वह पिछले कुछ समय से NEET परीक्षा को लेकर चल रहे विवादों और अनिश्चितताओं के कारण मानसिक तनाव में थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी प्रेशर की वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया. हालांकि, पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के सही कारणों का पता विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

सांसद संजना जाटव ने जताया गहरा दुख

इस दर्दनाक हादसे पर भरतपुर की सांसद संजना जाटव ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि अगर एक होनहार छात्रा ने परीक्षा के सिस्टम और परिस्थितियों से परेशान होकर ऐसा कदम उठाया है तो यह बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है. ग्रामीणों ने भी रेणु को याद करते हुए इसे एक प्रतिभाशाली बेटी का असमय जाना बताया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

    follow google news