Dholpur Crime News: राजस्थान के धौलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. सैपऊ थाना इलाके के भूरापुरा गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है. 15 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते का अंत पत्नी की लहूलुहान लाश और फरार पति के साथ हुआ है. आइए विस्तार से जानते है इस खौफनाक मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
सोते समय सरिए से किया हमला
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 35 वर्षीय मथुरा के रूप में हुई है. आरोपी पति दिनेश कुशवाहा 15 अप्रैल की रात को शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा था. उस वक्त मथुरा अपनी चारपाई पर सो रही थी. दिनेश ने उसे उठाकर उसके चरित्र को लेकर झगड़ा शुरू किया. गुस्से में आकर दिनेश ने पहले लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की और फिर लोहे के सरिए से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया.
3 साल से चल रहा था शक का सिलसिला
मथुरा की छोटी बहन गुड़िया ने बताया कि उनकी शादी साल 2011 में हुई थी. पिछले 3 साल से दिनेश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था, जिसके चलते घर में अक्सर मारपीट होती थी. दोनों परिवारों ने कई बार समझाइश की कोशिश की, लेकिन दिनेश का शक कम नहीं हुआ. इस खूनी खेल के बाद अब उनके तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है और पिता जेल जाने की कगार पर है.
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
घटना की सूचना मिलते ही सैपऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को महिला अचेत और लहूलुहान हालत में घर के अंदर मिली. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. धौलपुर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है.
आरोपी पति की तलाश में दबिश जारी
पुलिस उपाधीक्षक (प्रोबेशनर) राहुल कुमार मीणा को मामले का अनुसंधान सौंपा गया है. पुलिस ने बताया कि संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी जा रही है और कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है. पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी दिनेश कुशवाहा को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


