'तेरी चाल बल्ले बल्ले' गाने पर पत्नी संग धौलपुर एसपी विकास सांगवान ने किया जमकर डांस! होली जश्न का वीडियो हो रहा वायरल

धौलपुर में शांतिपूर्ण होली संपन्न कराने के बाद पुलिस लाइन में भव्य होली मिलन समारोह आयोजित हुआ. एसपी विकास सांगवान ने पत्नी संग फिल्मी गानों पर डांस किया और ढोल बजाया.

dholpur
dholpur

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान के धौलपुर में होली का त्योहार इस बार खास अंदाज में मनाया गया. तीन दिन तक कानून व्यवस्था संभालने में व्यस्त रहने के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पुलिस लाइन में रंगों और संगीत के साथ जमकर होली खेली. इस दौरान जिले के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान अपनी पत्नी के साथ डांस करते नजर आए.

Read more!

तीन दिन की ड्यूटी के बाद पुलिस ने मनाया होली का त्योहार

होली के दौरान जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार ड्यूटी पर तैनात रहा. त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद गुरुवार को पुलिस लाइन में पुलिस परिवार ने एक साथ होली का उत्सव मनाया.

होली कार्यक्रम के दौरान एसपी विकास सांगवान ने अपनी पत्नी के साथ ‘तेरी चाल बल्ले बल्ले’ और ‘सौदा गरम गरम’ जैसे गीतों पर डांस किया. डीजे की धुन पर पुलिस अधिकारी और जवान भी जमकर थिरकते दिखाई दिए.

जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी भी डांस में हुए शामिल

इस मौके पर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी भी पुलिस लाइन पहुंचे. उन्होंने भी एसपी और पुलिस अधिकारियों के साथ फिल्मी और राजस्थानी गीतों पर डांस किया और कार्यक्रम में उत्साह बढ़ाया.

कार्यक्रम के दौरान एसपी विकास सांगवान ने ढोल भी बजाया. ढोल की थाप और डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी जमकर नाचते नजर आए. माहौल पूरी तरह रंगों और खुशियों से सराबोर दिखा.

जवानों को रंग लगाकर दी होली की शुभकामनाएं

एसपी और जिला कलेक्टर ने पुलिस लाइन में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को गुलाल और अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं. अधिकारियों ने जवानों का मनोबल बढ़ाया और उनके कार्यों की सराहना की.

होली के उत्साह के बीच जवानों ने एसपी विकास सांगवान को कंधे पर उठाकर डांस किया. यह दृश्य कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पल बन गया.

नगर परिषद ने पानी की फुहारों का किया इंतजाम

होली के आयोजन के लिए पुलिस लाइन में नगर परिषद की ओर से पानी की फुहारों की व्यवस्था की गई थी. रंग और पानी के बीच पुलिसकर्मी पूरे जोश के साथ त्योहार मनाते नजर आए.

धौलपुर पुलिस लाइन के अलावा बाड़ी, बसेड़ी, राजाखेड़ा और सैपऊ सहित जिले के विभिन्न पुलिस थानों में भी पुलिसकर्मियों ने होली का त्योहार उत्साह के साथ मनाया.

एसपी बोले- पूरा पुलिस परिवार एक साथ मनाता है त्योहार

एसपी विकास सांगवान ने कहा कि इस बार जिले में होली शांतिपूर्ण तरीके से मनाई गई. पुलिस बल लगातार ड्यूटी पर तैनात रहा. ड्यूटी पूरी होने के बाद गुरुवार को पुलिस परिवार ने एक साथ मिलकर होली का त्योहार मनाया. उन्होंने कहा कि एसपी के रूप में पूरा पुलिस बल उनका परिवार है और सभी के साथ त्योहार मनाना खास अनुभव है.

 

    follow google news