नेग ने बिगाड़ा शादी का जश्न! राजस्थान के धौलपुर में दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी, मारपीट का वीडियो आया सामने

Dholpur Wedding Clash Video: राजस्थान के धौलपुर जिले में शादी की खुशियां उस वक्त हिंसा में बदल गईं जब नेग को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. मामूली कहासुनी देखते ही देखते लाठी-डंडों, सरियों और पत्थरबाजी तक पहुंच गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Rajasthan Viral Video
Rajasthan Viral Video

Umesh Mishra

follow google news

राजस्थान के धौलपुर जिले के बसई डांग क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नेग (शादी की रस्म के दौरान दी जाने वाली राशि) को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले. इस हिंसक झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं.

Read more!

नेग मांगने पर भड़का विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब शादी में नेग की मांग की गई. पीड़ित परिवार का कहना है कि जब वे नेग के लिए गए, तो दूसरे पक्ष ने विरोध करते हुए कहा कि 'शादी में बुलाने वाले घर पर नेग मांगने वाले कौन होते हैं?' इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया.

लाठी-डंडों से किया हमला, पांच लोग घायल

विवाद बढ़ने पर दबंगों ने लाठी-डंडों और सरियों से पीड़ित पक्ष पर हमला कर दिया. घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं. पीड़ित ने बताया कि बबलू, देशराज और अन्य लोगों ने मिलकर उनके घर में घुसकर हमला किया. इस हमले में पीड़ित के सिर, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं. कुल पांच लोग इस संघर्ष में घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गांव के लोग और परिवार के सदस्य चीखते-चिल्लाते और एक-दूसरे पर हमला करते देखे जा सकते हैं. वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह शादी वाले घर में पत्थरबाजी और मारपीट हो रही है. पुलिस अब इस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है.

    follow google news