Rajasthan News: सचिन पायलट के अनशन के ऐलान के बाद आलाकमान भी उन्हें संदेश देने से नहीं चूक रहा. जहां एक ओर पायलट ने गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. वहीं, दूसरी ओर पहले जयराम रमेश और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के बाद अब राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी इशारों-इशारों में जवाब दे दिया है. वसुंधरा सरकार के दौरान घोटालों की जांच नहीं होने के मुद्दे उठाए जाने के बाद अब खेड़ा का कहना है कि सरकार बीजेपी के घोटालों की जांच कर रही है. केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के आरोपों की भी जांच हो रही हैं. वहीं, पार्टी के मीडिया प्रमुख खेड़ा का कहना है कि प्रदेश प्रभारी रंधावा पायलट के संपर्क में हैं.
ADVERTISEMENT
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बीजेपी के बड़े नेता गजेद्र सिंह शेखावत पर संजीवनी घोटाले के आरोपों की भी जांच चल रही है. साथ ही साल 2020 में विधायकों को खरीदकर हमारी सरकार को गिराने की जो साजिश रची गई, इस मामले में भी जांच हो रही है. ऐसे में यह कहना सही नहीं है कि जांच नहीं हो रही है.
रंधावा के बाद अब खेड़ा ने भी नसीहत भरे अंदाज में कह दिया कि अगर किसी को शिकायत है तो उसे अपनी बात हमारे प्रभारी के संज्ञान में लानी चाहिए. मामलों की जांच संगठन स्तर पर नहीं होती, बल्कि यह काम तो जांच एजेंसियों का है. गौरतलब है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में कथित तौर पर हुए ‘भ्रष्टाचार’ पर कार्रवाई की मांग को लेकर अनशन का ऐलान कर दिया है. इसे लेकर 11 अप्रैल को जयपुर में शहीद स्मारक पर एक दिन का अनशन करेंगे.
यह भी पढ़ेंः पायलट ने गहलोत के खिलाफ फिर खोला मोर्चा तो भड़के रंधावा, बोले- मुझसे बात तो करते
ADVERTISEMENT

