राजस्थान कांग्रेस में फिर छिड़ी वर्चस्व की जंग: डोटासरा ने दिखाए तेवर, गहलोत-मालवीय पर बोला सीधा हमला!

शरत कुमार

• 11:09 AM • 01 Aug 2026

राजस्थान कांग्रेस में गोविंद सिंह डोटासरा ने 'व्यक्तिवाद' और 'निजी ब्रांडिंग' के खिलाफ तीखा हमला बोलकर अंदरूनी कलह को उजागर कर दिया है. उन्होंने अशोक गहलोत और महेंद्रजीत सिंह मालवीय पर इशारों में निशाना साधा.

govind singh dotasra
govind singh dotasra
Google CTA

राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी और अंदरूनी खींचतान का माहौल गर्म हो गया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पार्टी के भीतर हावी 'व्यक्तिवाद' और 'ब्रांडिंग' पर कड़ा ऐतराज जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर परोक्ष रूप से निशाना साधा है. उधर, भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने महेंद्रजीत सिंह मालवीय द्वारा कार्यकर्ताओं की फिर से जॉइनिंग कराने के दावे पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है. वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजपूत समाज को साधने के लिए बड़ा कदम उठाया है.

Read more!

कांग्रेस में व्यक्तिवाद पर डोटासरा का तीखा प्रहार

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गोविंद सिंह डोटासरा ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की. डोटासरा ने कहा कि पार्टी में व्यक्ति विशेष की ब्रांडिंग से नुकसान होता है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "मैं किसी नेता की निजी ब्रांडिंग के लिए नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करता हूं." उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि राजस्थान में पार्टी की हार-जीत का एक बड़ा कारण व्यक्तिवाद का हावी होना रहा है.

महेंद्रजीत सिंह मालवीय और 'फर्जी' जॉइनिंग का विवाद

हाल ही में बीजेपी छोड़कर वापस कांग्रेस का दामन थामने वाले महेंद्रजीत सिंह मालवीय द्वारा कराए गए सामूहिक प्रवेश पर भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने सवाल खड़े कर दिए हैं. BAP ने एक सूची जारी करते हुए दावा किया कि जिन कार्यकर्ताओं को नया बताकर फिर से कांग्रेस का दुपट्टा पहनाया गया, वे पहले से ही कांग्रेसी थे. इस पूरे घटनाक्रम के बीच डोटासरा द्वारा मालवीय से माइक छीनने और सख्त हिदायत देने का वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है.

जोधपुर रवाना हुए गहलोत, सियासी गलियारों में सुगबुगाहट

इन बयानों और अंदरूनी गुटबाजी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत देर रात जोधपुर के लिए रवाना हो गए. राजनीति के जानकारों का मानना है कि डोटासरा के कड़े बयानों के बाद गहलोत का यह अचानक दौरा राजनीतिक रणनीति में बदलाव का संकेत हो सकता है.

भजनलाल शर्मा ने राजपूतों को साधा, दीया कुमारी का बढ़ा कद

एक तरफ कांग्रेस में जुबानी जंग जारी है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजपूत समाज को साधने के लिए बड़ा निर्णय लिया है. सरकार ने 'ओम बना' स्मारक के लिए भूमि आवंटित की है, जिससे राजपूत समाज के प्रतिनिधिमंडलों ने सीएम आवास पहुंचकर उनका आभार जताया. वहीं, उप-मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय और मांगों का समाधान कर अपनी लोकप्रिय छवि को और मजबूत किया है.

बेरोजगारों और छात्रों का आंदोलन तेज

प्रदेश में छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर युवाओं का प्रदर्शन जारी है. राजस्थान विश्वविद्यालय में टंकी पर चढ़कर छात्र विरोध दर्ज करा रहे हैं. साथ ही चतुर्थ श्रेणी भर्तियों और अन्य परीक्षाओं के चयनित अभ्यर्थी भी नियुक्ति की मांग को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं.