राजस्थान की राजनीति में पूर्व मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी के बाद सियासी पारा चढ़ गया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस कार्रवाई को पूरी तरह 'राजनीति से प्रेरित' करार देते हुए भजनलाल सरकार पर कड़ा प्रहार किया है.
ADVERTISEMENT
डोटासरा ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि सत्ता का अहंकार हमेशा नहीं रहता और आज जो 'पदचिह्न' भाजपा छोड़ रही है, कल उन्हीं पर दूसरे भी चलेंगे. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर आज आप किसी को 'गाली' दोगे, तो कल जब दूसरे का नंबर आएगा, तो वह आपके साथ क्या सलूक करेगा, यह सोचकर ही चलना चाहिए.
'बिना नोटिस गिरफ्तारी सिर्फ वाह-वाही लूटने का ड्रामा'
डोटासरा ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे 'ड्रामेबाजी' बताया. उन्होंने तर्क दिया कि यदि कोई एजेंसी नोटिस देती और व्यक्ति हाजिर नहीं होता, तब गिरफ्तारी का अधिकार सही था. लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना के केवल मीडिया में 'वाह-वाही' लूटने के लिए की गई यह कार्रवाई लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है. उन्होंने हाई कोर्ट के एक हालिया फैसले का हवाला देते हुए कहा कि बिना आरोप साबित हुए किसी भी व्यक्ति को इस तरह सरेआम अपमानित नहीं किया जा सकता.
'1000 शर्तें गिना दूंगा, क्या सब बेईमान हो गए?'
जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में 'शर्तें बदलने' के आरोप पर डोटासरा ने मुख्यमंत्री को खुली चुनौती दी. उन्होंने कहा कि टेंडरों में शर्तें बदलना कोई नई बात नहीं है और अगर यह बेईमानी है तो राज्य का कोई भी आईएएस अधिकारी नहीं बचेगा.
उन्होंने दावा किया कि वे खुद ऐसी 1000 शर्तें गिना सकते हैं जो बदली गई हैं. डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा कि एसीबी के अधिकारियों की बातों में कोई दम नहीं था और यह सब केवल कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाने की साजिश है.
ADVERTISEMENT


