Jaipur Viral Video: राजस्थान के जयपुर से एक चौंकाने वाली चोरी का मामला सामने आया है, जहां खुशियों के माहौल के बीच एक शातिर चोर ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया. घटना जगतपुरा इलाके के चंदन वन बिलवा में आयोजित एक शादी समारोह की है जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
बताया जा रहा है कि रिसेप्शन के दौरान दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मेहमानों के साथ फोटो खिंचवा रहे थे. आसपास काफी भीड़ थी और माहौल पूरी तरह उत्सव वाला था. इसी बीच एक युवक मेहमान बनकर चुपचाप स्टेज तक पहुंच गया. वह अच्छे कपड़ों में था और उसके हाथ में ब्लेजर भी था, इसलिए किसी को उस पर जरा भी शक नहीं हुआ.
धीरे धीरे स्टेज पर पहुंचते दिखा शख्स
वीडियो में नजर आता है कि वह धीरे-धीरे स्टेज के पास पहुंचता है और मौका मिलते ही दुल्हन का बैग उठा लेता है. चालाकी दिखाते हुए उसने बैग को तुरंत अपने ब्लेजर में छिपा लिया और फिर बिना किसी हड़बड़ी के भीड़ में घुल-मिलकर वहां से निकल गया. किसी को तब तक भनक नहीं लगी कि क्या हो चुका है.
परिवार के मुताबिक 7 फरवरी की रात करीब 10:15 बजे बैंक्वेट हॉल में कार्यक्रम चल रहा था, तभी यह चोरी हुई. बैग में लगभग 4 लाख रुपये के गहने और नकदी रखी हुई थी. कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब बैग नहीं मिला तो परिजनों ने तलाश शुरू की. बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति पूरी घटना को अंजाम देते हुए दिखाई दिया.
समारोह में मची अफरा तफरी
घटना का पता चलते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद पीड़ित परिवार ने शिवदासपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है.
यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है. खुशियों के ऐसे मौके पर सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि अपराधी अक्सर इसी तरह के अवसर की तलाश में रहते हैं.
ये भी पढ़ें: कैमरे में कैद हुआ कांग्रेस विधायक का 'गंदा' इशारा, राजस्थान विधानसभा में शर्मसार करने वाली घटना का वीडियो वायरल
ADVERTISEMENT

