राजस्थान के पूर्व कैबिनेट मंत्री हेम सिंह भड़ाना का निधन, 2 बार बीजेपी से रहे विधायक

राजस्थान के पूर्व कैबिनेट मंत्री और गुर्जर समाज के वरिष्ठ नेता हेम सिंह भड़ाना का कैंसर से लंबी बीमारी के बाद अलवर स्थित निवास पर निधन हो गया। उनके जाने से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर है, जबकि समर्थक उनके योगदान को याद कर रहे हैं.

राजस्थान के पूर्व कैबिनेट मंत्री का निधन
राजस्थान के पूर्व कैबिनेट मंत्री का निधन

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है. राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री और गुर्जर समाज के वरिष्ठ नेता हेम सिंह भड़ाना का आज सुबह निधन हो गया. बताया जा रहा है कि उन्होंने सुबह करीब 7 बजे अलवर स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली. उनके जाने की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई है.

Read more!

हेम सिंह भड़ाना लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. पिछले कुछ दिनों से वे अलवर में ही रह रहे थे और उनका स्वास्थ्य लगातार गिरता जा रहा था. तमाम इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो पाया और आखिरकार आज उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. 

नेता प्रतिपक्ष ने की पुष्टि

उनके निधन की पुष्टि राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने की है. उन्होंने भड़ाना के निधन पर शोक जताते हुए पोस्ट कर लिखा.

पूर्व मंत्री एवं थानागाजी के पूर्व विधायक श्री हेमसिंह भड़ाना जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. इस दुःख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और परिवारजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. 

एक मजबूत और प्रभावशाली नेता

भड़ाना राजस्थान की राजनीति का एक जाना-पहचाना चेहरा थे. वे अलवर जिले की थानागाजी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे और अलग-अलग सरकारों में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके थे. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, किसानों की भलाई और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को हमेशा प्राथमिकता दी. 

गुर्जर समाज में उनका खासा सम्मान था और उन्हें एक मजबूत व प्रभावशाली नेता के तौर पर देखा जाता था. उनकी राजनीतिक यात्रा में बीजेपी सहित अन्य दलों से जुड़ाव रहा, जिसके चलते अलवर और आसपास के क्षेत्रों में उनका मजबूत जनाधार तैयार हुआ. 

ये भी पढ़ें: जैसलमेर में अनोखी चोरी, इंजीनियर के घर शराब पी, फिर दीवार पर लिपस्टिक से लिखकर छोड़ गया ये गजब मैसेज

    follow google news