Rajasthan News: राजस्थान के फतेहपुर शेखावाटी में 1280 बीघा जमीन को जल्द ही गौधाम के रूप में विकसित किया जाएगा. 13 मार्च को इसका शिलान्यास होगा जिसमें आसपास के कई संत शिरकत करेंगे. इसमें शहर के निराश्रित गौवशों को लाया जायेगा. यहां 10 हजार नन्दियों के निवास हेतु नन्दीशाला की स्थापना के साथ-साथ बड़ा गौ चिकित्सालय भी बनाया जाएगा.
ADVERTISEMENT
राजस्थान गौ सेवा समिति के प्रदेशाध्यक्ष मंहत दिनेशगिरी ने कहा कि मण्डावा-झुंझुनूं-दिल्ली रोड पर नंदीशाला व गौ चिकित्सालय बनेगा. इसे गौधाम के रूप में विकसित किया जायेगा. फतेहपुर तहसील के निराश्रित गौ वंशों के निवास की यहां व्यवस्था की जायेगी. शेखावाटी में सालसर जीणमाता की तरह ही यहां भी पर्यटक आयेंगे. उसी तरीके से धार्मिक लोगों के लिए यहां गौधाम विकसित किया जायेगा. 13 मार्च को बड़े कार्यक्रम के बाद इसका काम शुरू हो जाएगा.
मण्डावा रोड़ स्थित कसेरा बीड़ का सरंक्षण एवं विकास अब बुधगिरि मढ़ी के पीठाधीश्वर एवं राजस्थान गोसेवा समिति के प्रदेशाध्यक्ष पूज्य महंतश्री दिनेशगिरि महाराज के नेतृत्व में होगा. विकसित की जा रही नंदीशाला में प्रथम चरण में 10 हजार नन्दियों के रहने एवं उनके लिए चारा, पानी की व्यवस्था होगी. दुर्घटनाग्रस्त और बीमार गोवंश के लिये आधुनिक चिकित्सा प्रणाली एवं सर्वसुविधाओं से युक्त एक गौ चिकित्सालय का शुभारंभ भी किया जाएगा. सम्पूर्ण गोभूमि में छायादार वृक्ष लगाकर इसे गौ अभ्यारण्य के रूप में विकसित किया जाएगा.
ADVERTISEMENT


