पेपर लीक और किरोड़ी लाल की चिट्ठी पर डोटासरा का भजनलाल सरकार पर तीखा हमला, बोले- 'बिना पर्ची कुछ नहीं कर पाएंगे CM'

डोटासरा ने आरोप लगाया कि एनटीए (NTA) में बैठे जिन लोगों ने नीट का पेपर आउट किया. वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के करीबी हैं और उन्हें सिस्टम तक असीमित पहुंच मिली हुई थी.

पेपर लीक मामला
पेपर लीक मामला

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान में पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नीट (NEET) पेपर लीक और राजस्थान में चल रहे आंदोलनों को लेकर प्रदेश की भजनलाल सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है. डोटासरा ने कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा द्वारा मुख्यमंत्री को लिखी गई चिट्ठी का हवाला देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

Read more!

सिस्टम कोलैप्स होने का आरोप: डोटासरा ने कहा कि पेपर लीक को रोकने के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर या प्लेन से पेपर ले जाने की बातें करना सिर्फ नौटंकी है. गड़बड़ लॉजिस्टिक में नहीं, बल्कि पेपर बनाने के सिस्टम में ही है.

केंद्रीय मंत्री पर निशाना: डोटासरा ने आरोप लगाया कि एनटीए (NTA) में बैठे जिन लोगों ने नीट का पेपर आउट किया, वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के करीबी हैं और उन्हें सिस्टम तक असीमित पहुंच मिली हुई थी.

किरोड़ी लाल की चिट्ठी पर तंज: राजस्थान में चल रहे आंदोलनों और मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की चिट्ठी पर डोटासरा ने कहा, "जब सरकार के मंत्री ही मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिख रहे हैं, तो समस्या का समाधान कौन करेगा? मुख्यमंत्री जी बिना दिल्ली की पर्ची के कुछ कर नहीं पा रहे हैं."

कोचिंग माफिया और राहुल गांधी का विजन: डोटासरा ने राहुल गांधी के हवाले से कहा कि देश के युवा सिर्फ पांच बड़ी परीक्षाओं (NEET, JEE, UPSC, Defense आदि) पर निर्भर हैं, जिससे कोचिंग इंडस्ट्री 1.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डकार रही है. उन्होंने देश में नई और बहुआयामी शिक्षा नीति बनाने की जरूरत पर बल दिया.

टेलीग्राम और इंटरनेट बंद करना समाधान नहीं

डोटासरा ने पेपर लीक रोकने के नाम पर इंटरनेट और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को बंद करने के फैसले को पूरी तरह गलत बताया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "अगर पेपर लीक रोकने के लिए इंटरनेट बंद कर रहे हो, तो कल को ट्रेनें भी बंद कर दोगे? जहां पेपर छप रहा है, अगर वहीं से आउट हो जाएगा, तो सरकार के हेलीकॉप्टर क्या करेंगे?"

युवाओं के आंदोलन पर सर्वदलीय बैठक की मांग

राजस्थान में चल रहे युवाओं के आंदोलन पर डोटासरा ने कहा कि सरकार को तुरंत प्रदर्शनकारियों से मिल-बैठकर बात करनी चाहिए. उन्होंने कहा, "अगर जरूरत पड़े तो सरकार सर्वदलीय बैठक बुलाए, कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य के लिए सरकार का सहयोग करने को तैयार है. सचिन पायलट और अन्य नेताओं ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है, अब फैसला सरकार को लेना है."

 

    follow google news