राजस्थान की राजनीति में इन दिनों वार-पलटवार का दौर चरम पर है. पेपर लीक और अन्य मामलों को लेकर लगे आरोपों के बाद अब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर अब तक का सबसे बड़ा और तीखा हमला बोला है. डोटासरा ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए दोटूक लहजे में चेतावनी दी कि अगर उनके बच्चों और परिवार को बदनाम करने की कोशिश की गई, तो वो इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे.
ADVERTISEMENT
गहलोत के पैरों में पड़कर रोए थे किरोड़ी लाल
गोविंद सिंह डोटासरा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समय का एक वाकया साझा करते हुए किरोड़ी लाल मीणा पर तंज कसा. उन्होंने कहा, "मैं सार्वजनिक रूप से कह रहा हूं, किरोड़ी लाल ने मुझसे कहा था कि एक बार बाहर बैठिए, मुझे मुख्यमंत्री से अलग बात करनी है. जब 15 मिनट बाद गहलोत जी बाहर निकले, तो उन्होंने मुझसे पूछा कि इसको क्यों लाए थे? वो पैरों में बैठकर रो रहा था कि मेरे ऊपर से मुकदमे हटा दीजिए." डोटासरा ने आगे कहा कि जो आदमी कल तक पैरों में पड़कर रोता था, वह आज हम पर कीचड़ उछाल रहा है, उन्हें शर्म आनी चाहिए.
हनुमान बेनीवाल ने बैंड बजाई थी, अब मेरी बारी
डोटासरा ने किरोड़ी लाल मीणा को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को इतना मत छेड़ो कि तुम्हारा बुढ़ापा खराब हो जाए. उन्होंने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो का जिक्र करते हुए कहा, "इन्होंने हनुमान बेनीवाल को एक दिन चैलेंज किया था, तो 10 मिनट में उनकी हवा निकल गई थी. बेनीवाल ने इनकी बैंड बजाई थी, अब मेरी बारी है."
बीज और खाद घोटाले की जांच की मांग
डोटासरा ने राजस्थान सरकार और मुख्यमंत्री से मांग की है कि अगर किरोड़ी लाल मीणा ने उन पर या उनके परिवार पर आरोप लगाए हैं, तो सरकार उसकी पूरी जांच करा ले. लेकिन इसके साथ ही उन्होंने किरोड़ी लाल मीणा पर पलटवार करते हुए कृषि विभाग में हुए कथित 'बीज और खाद घोटाले' की भी जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा, "इस घोटाले का पैसा कहां-कहां से उठा, कहां तक गया और किस-किस में बंटा, इसकी भी जांच मुख्यमंत्री जी को करानी चाहिए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके."
बीजेपी का कोई मंत्री किरोड़ी के साथ नहीं
डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा कि आज किरोड़ी लाल मीणा बिल्कुल अकेले पड़ चुके हैं. बीजेपी सरकार का एक भी मंत्री उनके पक्ष में बयान देने के लिए सामने नहीं आ रहा है, क्योंकि सब जानते हैं कि कौन कितने पानी में है. उन्होंने साफ किया कि गोविंद सिंह डोटासरा कोई 'कच्चा घोड़ा' नहीं है जो किसी के डराने से डर जाए, वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं और इस सरकार को उखाड़ फेंकने का माद्दा रखते हैं.
ADVERTISEMENT


