NEET Paper Leak: मोदी जी ढाई साल राजस्थान में बैठ जाएं, फिर भी बीजेपी का सूपड़ा साफ होगा, गोविंद सिंह डोटासरा का दावा

जयपुर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में बड़ा प्रदर्शन हुआ. डोटासरा ने केंद्र की मोदी सरकार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर पेपर माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया. उन्होंने राज्य की बीजेपी सरकार को कठपुतली बताते हुए जल्द इस्तीफे की मांग की.

 Govind Singh Dotasra
Govind Singh Dotasra

आंचल गुप्ता

follow google news

NEET Paper Leak: नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस ने एक बड़ा और उग्र प्रदर्शन किया. प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से लेकर बीजेपी मुख्यालय की ओर जा रहे पैदल मार्च का नेतृत्व खुद प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली ने किया. इस दौरान पुलिस के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तीखी झड़प हुई, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. पानी की तेज बौछारों के बीच गोविंद सिंह डोटासरा पूरी तरह भीग गए, लेकिन उनका जोश कम नहीं हुआ.

Read more!

धर्मेंद्र प्रधान की सरपरस्ती में हो रहा खेल!

'Rajasthan Tak' से खास बातचीत में गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र की मोदी सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखे वार किए. डोटासरा ने कहा, "यह मामला छोटा नहीं है. यहां पूरी दाल में काला नहीं बल्कि पूरी दाल ही काली है. पूरा एनटीए (NTA) और धर्मेंद्र प्रधान इस घोटाले में मिले हुए हैं."

उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और बीजेपी से जुड़े लोग पिछले 7-8 सालों से एनटीए में पेपर सेटर बने बैठे हैं और नियमों को ताक पर रखकर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं. उन्होंने साफ कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का यह आंदोलन ब्लॉक और मंडल स्तर तक जारी रहेगा.

'पर्ची से बने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष केवल कठपुतली'

डोटासरा ने राजस्थान की भजनलाल सरकार और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि बीजेपी में नेताओं की स्वीकार्यता या मेहनत नहीं देखी जाती, बल्कि दिल्ली से आई पर्ची के आधार पर 'पपेट' (कठपुतली) बैठा दिए जाते हैं. उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में ब्यूरोक्रेसी इस कदर हावी है कि अफसरों के सामने मंत्रियों और विधायकों की कोई हैसियत नहीं रह गई है और वे मंत्रियों के फोन तक नहीं उठाते.

किरोड़ी लाल मीणा और राजेंद्र राठौड़ पर बड़ा बयान

बीजेपी के वरिष्ठ नेता किरोड़ी लाल मीणा को लेकर डोटासरा ने सहानुभूति जताते हुए कहा, "किरोड़ी लाल जी खुद दुखी हैं. उन्होंने खुद माना है कि वे कांग्रेस राज में ज्यादा ठीक थे. अगर दो-चार महीने में कुछ नहीं बदला, तो वह हमारे साथ सड़कों पर संघर्ष करते नजर आएंगे." वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बंगाल दौरे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे तो अपनी फरारी काट रहे हैं.

'कॉकरोच पार्टी' और बीजेपी नेताओं की 'नौटंकी' पर तंज

सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरने वाली 'कॉकरोच जनता पार्टी' पर डोटासरा ने कहा कि जब कोई बड़ा व्यक्ति किसी वर्ग विशेष पर गलत टिप्पणी करता है, तो समाज का ऐसा ही आक्रोश सामने आता है. इसके अलावा, प्रधानमंत्री की कार-पूलिंग की अपील पर बीजेपी नेताओं द्वारा रिक्शा, साइकिल या इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) के इस्तेमाल को उन्होंने शुद्ध 'नौटंकी' करार दिया.

उन्होंने कहा कि अधिकारियों के पास तीन-तीन गाड़ियां दौड़ रही हैं और नेता सिर्फ फोटो खिंचाने के लिए नाटक कर रहे हैं. डोटासरा ने चुनौती दी कि मोदी और अमित शाह भले ही ढाई साल राजस्थान में आकर बैठ जाएं, आगामी चुनावों में बीजेपी का सूपड़ा साफ होना तय है.

 

    follow google news