राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आ गया है. राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और सांसद हनुमान बेनीवाल ने सूबे की बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. बेनीवाल ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की ओर से उनके 'सामाजिक बहिष्कार' वाले बयान पर तीखा पलटवार किया है और उन्हें कानूनी अंजाम भुगतने की सीधी चुनौती दी है. बेनीवाल ने साफ कहा है कि 2028 के विधानसभा चुनाव में वह बीजेपी को राजस्थान की सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे और पार्टी को दहाई के आंकड़े (10 सीटों) पर समेट देंगे.
ADVERTISEMENT
मदन राठौड़ के 'सामाजिक बहिष्कार' वाले बयान पर भड़के बेनीवाल
हाल ही में कुचामन में हुए एक विरोध प्रदर्शन के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने हनुमान बेनीवाल के सामाजिक बहिष्कार की बात कही थी. इस पर पलटवार करते हुए बेनीवाल ने कहा, "मदन राठौड़ ऐसा फैसला सुना रहे हैं जैसे वह किसी खाप पंचायत के अध्यक्ष हों. संविधान ने हमें अधिकार दिए हैं, मदन राठौड़ मेरी जाति के भी नहीं हैं, तो वह मेरा सामाजिक बहिष्कार कैसे करा सकते हैं?" बेनीवाल ने साफ किया कि वह इस मामले में हाई कोर्ट के वकीलों से सलाह ले रहे हैं और मदन राठौड़ के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करवाएंगे.
भजनलाल सरकार को बताया 'मूर्खों का राज'
हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उनकी कैबिनेट पर हमला बोलते हुए इसे 'मूर्खों की सरकार' करार दिया. उन्होंने कहा कि सूबे में चारों तरफ पेपर लीक माफिया, बजरी माफिया और जमीनों पर अवैध कब्जों का खेल चल रहा है. मुख्यमंत्री के रिश्तेदार जमीनों के धंधे में लगे हैं. बेनीवाल ने तंज कसा, "इस सरकार में किसी को यह नहीं पता कि कौन सा विभाग कहां है और अधिकारी क्या कर रहे हैं. इससे बेहतर होता कि कुर्सी पर कोई पत्थर रख दिया जाता."
अग्निवीर और पैरामिलिट्री शहीदों के मुद्दे पर घेरा
सांसद बेनीवाल ने राजस्थान सरकार के एक कथित नए आदेश का हवाला देते हुए कहा कि राज्य सरकार पैरामिलिट्री और अग्निवीर के शहीदों को वह सम्मान और दर्जा नहीं देना चाहती जो मिलना चाहिए, जबकि देश के रक्षा मंत्री संसद में कुछ और कहते हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं में अग्निवीर योजना को लेकर भारी गुस्सा है और वे अब सेना में जाने से कतरा रहे हैं.
2028 में बीजेपी को 10 सीटों पर समेटने का खुला एलान
हनुमान बेनीवाल ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि वह जल्द ही दिल्ली कूच करेंगे और एक बड़ी रैली के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे. उन्होंने कहा कि राजस्थान का नौजवान, किसान, साधु-संत और बेरोजगार इस सरकार से त्रस्त आ चुके हैं और रो रहे हैं कि उन्होंने बीजेपी को वोट क्यों दिया. बेनीवाल ने दावा किया कि साल 2028 के चुनाव में आरएलपी मजबूती से लड़ेगी और बीजेपी को केवल 10 से 11 सीटों पर लाकर खड़ा कर देगी.
ADVERTISEMENT


