हनुमानगढ़ में डबल सुसाइड से सनसनी, आशिक के प्यार में अंधी पत्नी ने पति को किया प्रताड़ित, बाप-बेटे की एक साथ उठी अर्थी

हनुमानगढ़ में पत्नी के अवैध संबंधों और धमकियों से तंग आकर एक युवक ने अपने 5 साल के बेटे के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है.

राजस्थान न्यूज
राजस्थान न्यूज

गुलाम नबी

follow google news

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के भादरा इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 28 वर्षीय युवक धर्मपाल मेघवाल ने अपने 5 साल के मासूम बेटे वैदिक के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के पीछे पत्नी के अवैध संबंधों और उसके द्वारा दी जा रही प्रताड़ना को मुख्य वजह बताया जा रहा है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, धर्मपाल की शादी करीब 7 साल पहले हरियाणा की रहने वाली कविता से हुई थी. परिजनों का आरोप है कि पिछले एक साल से कविता के हरियाणा के ही कपिल नाम के युवक के साथ अवैध संबंध थे. कविता अपने पति और बच्चे को छोड़कर अक्सर अपने प्रेमी के साथ रहने लगी थी, जिसका धर्मपाल विरोध करता था. विरोध करने पर कविता और उसका प्रेमी धर्मपाल को जान से मारने की धमकी देते थे.

पंचायत के फैसले के बाद बढ़ा तनाव

करीब 5 महीने पहले कविता अपने बेटे को साथ ले गई थी, लेकिन सामाजिक पंचायत के हस्तक्षेप के बाद बच्चा धर्मपाल को वापस मिल गया. इस फैसले से नाराज कविता और उसके प्रेमी ने धर्मपाल को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. वे लगातार बच्चे को छीनने और धर्मपाल को खत्म करने की धमकियां दे रहे थे. इसी मानसिक तनाव और डर के चलते शनिवार, 4 अप्रैल को धर्मपाल ने सरकारी कॉलेज के पीछे अपने बेटे के साथ आत्मघाती कदम उठा लिया.

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया था. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और देर रात ही पत्नी कविता और उसके प्रेमी कपिल को राउंडअप (हिरासत में) कर लिया. फिलहाल डीएसपी संजीव कटेवा के नेतृत्व में पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

 

    follow google news