'बख्श दो साहब'... चीखता रहा लड़का, लेकिन 1 रुपये के पीछे हैवान बन गए बस वाले, हनुमानगढ़ से सामने आई रोंगटे खड़े कर देने वाली वीडियो

Hanumangarh News: राजस्थान के हनुमानगढ़ में इंसानियत शर्मसार! बस किराए में सिर्फ 1 रुपये की कमी पर भड़के दबंगों ने एक नाबालिग को जमीन पर लिटाकर लाठी-डंडों और लात-घूसों से बेरहमी से पीटा. सरेआम हुई इस गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है. देखें पूरी रिपोर्ट.

Hanumangarh News
Hanumangarh News

आंचल गुप्ता

follow google news

Hanumangarh Bus Fare Dispute Viral Video: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के भादरा क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है. यहाँ महज बस के किराए के विवाद में एक नाबालिग लड़के की बेरहमी से पिटाई कर दी गई. चौंकाने वाली बात यह है कि विवाद सिर्फ 1 रुपये कम देने को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. इस पूरी घटना का रूह कपा देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, घटना गांव मलसीसर के बस स्टैंड की है. पीड़ित नाबालिग लड़का बस में सफर कर रहा था. सफर के दौरान टिकट के पैसों को लेकर बस स्टाफ या वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ उसकी कहासुनी हो गई. बताया जा रहा है कि किराए में महज 1 रुपये कम होने को लेकर बहस शुरू हुई थी. बस के भीतर शुरू हुआ यह मामूली विवाद बस स्टैंड पहुंचते-पहुंचते इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कानून को ताक पर रख दिया.

सरेआम लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कुछ दबंगों ने नाबालिग लड़के को घेर रखा है. आरोपियों ने उसे जमीन पर गिरा दिया और उस पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया. लड़का जान बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा. सार्वजनिक स्थान पर हुई इस हिंसा के दौरान बस स्टैंड पर काफी भीड़ मौजूद थी, जिससे इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक (SP) नरेंद्र मीणा ने बताया कि बस में टिकट विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की शिनाख्त कर रही है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने की अपील की है. फिलहाल, क्षेत्र में इस घटना को लेकर काफी रोष है और लोग आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं.

 

    follow google news