IAS टीना डाबी के आवास में घुसा खतरनाक कोबरा, सिविल डिफेंस ने ऐसे पाया काबू, रेस्क्यू का वीडियो आया

टोंक में कलेक्टर टीना डाबी के आवास के बगीचे में कोबरा सांप दिखा. कर्मचारियों ने तुरंत सिविल डिफेंस को सूचना दी. टीम ने कुछ ही मिनटों में सांप को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया. गर्मी के कारण ऐसे मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है.

ias tina dabi
ias tina dabi

मनोज तिवारी

follow google news

राजस्थान की चर्चित आईएएस अधिकारी और टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी के सरकारी आवास पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बंगले के बगीचे में एक भारी-भरकम कोबरा सांप रेंगता हुआ नजर आया. काले जहरीले सांप को देख वहां तैनात कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए. राहत की बात यह रही कि घटना के समय कलेक्टर आवास पर मौजूद नहीं थीं.

Read more!

बगीचे की घास में छिपा था कोबरा

पहाड़ी इलाके में स्थित कलेक्टर आवास अपनी हरियाली के लिए जाना जाता है. शनिवार को आवास के कर्मचारी जब रूटीन काम में व्यस्त थे, तभी उन्हें बगीचे की घनी घास के बीच हलचल महसूस हुई. गौर से देखने पर वहां एक विशालकाय कोबरा कुंडली मारकर बैठा दिखा. सांप की मौजूदगी की खबर मिलते ही सिविल डिफेंस की टीम को आपातकालीन सूचना भेजी गई.

गालिब खान ने किया रेस्क्यू

सूचना के महज कुछ ही मिनटों के भीतर सिविल डिफेंस कर्मी गालिब खान मौके पर पहुंच गए. बिना डरे और पूरी कुशलता के साथ गालिब ने कोबरा का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कुछ ही मिनटों की मशक्कत के बाद जहरीले कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़कर एक डिब्बे में कैद कर लिया गया. बाद में टीम ने इसे शहर से दूर सुरक्षित वन क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया.

ठंडक की तलाश में आबादी का रुख कर रहे सांप

वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते तापमान और मौसम में बदलाव के कारण सांप अब ठंडी जगहों की तलाश में बाहर निकल रहे हैं.वहीं टोंक कलेक्टर का बंगला पहाड़ी पर बना है और वहां काफी पेड़-पौधे हैं, इसलिए यहां अक्सर सरीसृप नजर आते हैं. इससे पहले भी इस परिसर से कोबरा, करैत और रेट स्नेक जैसी कई प्रजातियों के सांपों का रेस्क्यू किया जा चुका है.

देखें रेस्क्यू ऑपरेशन:

 

    follow google news