'कपड़े हो गए छोटे तो शर्म कहां से आए...' सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर ट्रोल हुई अनीता बिश्नोई कौन हैं? आखिर क्यों खाया जहर

जोधपुर की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनीता बिश्नोई ने इंस्टाग्राम लाइव आकर दूसरे इन्फ्लुएंसर मालाराम पर मानसिक प्रताड़ना और ट्रोलिंग का आरोप लगाते हुए जहर खा लिया. उन्हें गंभीर हालत में जोधपुर के एमडीएम अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन अगले 24 घंटे अहम हैं.

anita bishnoi
anita bishnoi

अशोक शर्मा

follow google news

राजस्थान के जोधपुर की रहने वाली इन्फ्लुएंसर अनीता बिश्नोई ने बुधवार दोपहर जहर खा लिया. फिलहाल अनीता की हालात स्थिर है. बताया जा रहा है कि अनीता पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर हो रही भयंकर ट्रोलिंग से काफी परेशान थीं. इस कदम को उठाने से ठीक पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ भावुक पोस्ट भी लिखे थे. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है, वहीं इस घटना के बाद से उनके लाखों फैंस गहरे सदमे में हैं.

Read more!

कौन हैं अनीता बिश्नोई?

अनीता बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान के लाठी गांव की रहने वाली हैं, लेकिन फिलहाल जोधपुर में रहती हैं. उन्होंने खेती-किसानी से जुड़े वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपनी खास पहचान बनाई है.

उनके पति दीनाराम बिश्नोई खेती करते हैं. अनीता भी खेतों में उनका हाथ बंटाती हैं. ट्रैक्टर चलाने, खेत की जुताई करने, फसल की बुवाई, सिंचाई और कटाई जैसे कामों के वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए. ग्रामीण जीवन और खेती से जुड़े उनके वीडियो लोगों को काफी पसंद आए, जिसके चलते उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी.

आखिर किस बात पर शुरू हुआ विवाद?

अनीता बिश्नोई की जिंदगी में यह तूफान कुछ दिन पहले शुरू हुआ. उन्होंने महिलाओं के छोटे कपड़ों और आधुनिक पहनावे को लेकर  'कपड़े हो गए छोटे तो शर्म कहां से आए' नाम से सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था. इस वीडियो के सामने आने के बाद कुछ यूजर्स उनके समर्थन में आए, तो बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें बुरी तरह ट्रोल करना शुरू कर दिया. यह ट्रोलिंग इतनी बढ़ गई कि अनीता मानसिक रूप से परेशान रहने लगीं.

अनीता बिश्नोई के पति दिनेश ने बताया कि घटना के वक्त वे घर पर नहीं थे. इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि अनीता इंस्टाग्राम पर लाइव आई हैं. लाइव वीडियो में अनीता ने एक दूसरे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मालाराम पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और कहा कि वे कोई बड़ा कदम उठाने जा रही हैं. दिनेश जब तक घर के लिए रवाना हुए, तब तक उनके बेटे का फोन आ गया कि मां ने जहर खा लिया है. इसके बाद आनन-फानन में परिवार उन्हें अस्पताल लेकर भागा.

ट्रोलिंग और विवाद से परेशान थीं अनीता!

सामने आई जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक वीडियो को लेकर अनीता बिश्नोई को लगातार निशाना बनाया जा रहा था. उन्हें बुरी तरह ट्रोल किया जा रहा था. पति दिनेश का आरोप है कि मालाराम नाम का शख्स, जो उनके ही समाज का है, वह अनीता को लगातार परेशान कर रहा था. आरोप यह भी है कि मालाराम ने दूसरे वीडियो क्रिएटर्स को भी अनीता के खिलाफ भड़काया और उन्हें जानबूझकर टारगेट किया. दिनेश ने यह भी कहा कि परिवार के कुछ लोग भी उन्हें धमकियां दे रहे हैं, जिनके खिलाफ वे जल्द ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे.

पति देना चाहते थे पुलिस में शिकायत

जब ट्रोलिंग हद से ज्यादा बढ़ गई तो अनीता के पति दीनाराम ने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराने की सलाह दी थी. हालांकि, उस समय अनीता ने यह कहकर मना कर दिया था कि वह किसी से नहीं डरती हैं और खुद इन हालातों का सामना कर लेंगी. लेकिन अंदर ही अंदर वह इस नफरत से टूट रही थीं.

लाइव आकर बोलीं- 'आज के बाद आपकी बहन नहीं दिखेगी'

खुदकुशी की कोशिश करने से पहले अनीता बुधवार सुबह करीब 10 बजे इंस्टाग्राम पर लाइव आई थीं. उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "जो लोग मुझे बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं, उन्हें बताना चाहती हूं कि किसी को बदनाम करके कुछ हासिल नहीं होगा. हिम्मत है तो सामने आकर बात करो, वरना पुलिस कार्रवाई करेगी." 

इसके बाद उन्होंने अपनी आखिरी पोस्ट में लिखा, "आज के बाद आपकी बहन नहीं दिखेगी." हालांकि, लाइव के दौरान कई यूजर्स ने उन्हें कमेंट करके ऐसा गलत कदम न उठाने की सलाह दी थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने जहर खा लिया, जिसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

    follow google news