जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह हाईजैक अलर्ट के बाद एयर इंडिया की एक इंटरनेशनल फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI-2030 को अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से इमरजेंसी सिग्नल मिलने के बाद जयपुर डायवर्ट किया गया. विमान सुबह 9:35 बजे सुरक्षित उतरा. इसके बाद उसे सुरक्षा जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया.
ADVERTISEMENT
एयर इंडिया की फ्लाइट AI2030 को लेकर नया अपडेट सामने आया है. फ्लाइट के यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें विमान से उतारा जा रहा है. इसके बाद यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए दोबारा विमान में बैठाया जाएगा. फिलहाल स्थिति सामान्य है.
कुछ सेकंड के लिए सक्रिय हुआ स्क्वाक-7500 कोड
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे अहमदाबाद ATC को विमान से कुछ सेकंड के लिए इमरजेंसी सिग्नल मिला था. बताया जा रहा है कि पायलट ने कुछ सेकंड के लिए स्क्वाक-7500 कोड घोषित किया था. इस कोड का इस्तेमाल विमान के हाईजैक होने की स्थिति में संकेत देने के लिए किया जाता है.
सिग्नल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं. सुबह करीब 9:10 बजे दिल्ली के वॉर रूम (WSO) से विमान का रूट बदलने का फैसला लिया गया. इसके बाद फ्लाइट को दिल्ली के बजाय जयपुर भेज दिया गया.
सुबह 9:35 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर हुई लैंडिंग
रूट बदले जाने के बाद एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 सुबह 9:35 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरी. इसके करीब 10 मिनट बाद, सुबह 9:45 बजे, विमान को जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया. आइसोलेशन बे में आपात स्थिति के दौरान विमानों को रखकर उनकी सुरक्षा जांच की जाती है. इसी प्रक्रिया के तहत इस विमान को भी वहां पहुंचाया गया.
शुरुआती जांच में सामान्य मिले परिचालन
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जांच के बाद विमान से जुड़े सभी परिचालन सामान्य पाए गए. हालांकि, विमान से इमरजेंसी सिग्नल मिलने और स्क्वाक-7500 कोड घोषित किए जाने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है.
संबंधित एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अलर्ट किन परिस्थितियों में जारी हुआ और पायलट ने कुछ सेकंड के लिए स्क्वाक-7500 कोड क्यों घोषित किया.
फिलहाल, विमान जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर चुका है. शुरुआती जांच में उसके परिचालन सामान्य पाए गए हैं. अलर्ट जारी होने की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
ADVERTISEMENT


