'कमरे में बंद किया, गैस खोली फिर...' जयपुर की अनु मीणा मौत के मामले अब परिजानों के आरोपी पति के बारे में जो बताया सुनकर कांप उठेगी रूह!

Anu Meena Jaipur Case: जयपुर के मानसरोवर में हुए अनु मीणा सुसाइड केस में एक ऐसा सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल रिकॉर्डिंग सामने आई है, जिसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं. एक्सईएन पति गौतम मीणा मासूम बच्चे के सामने ही अनु को बेरहमी से पीटता दिख रहा है. पीहर पक्ष का आरोप है कि पति ने पहले भी मारने की साजिश रची थी.

Anu Meena Jaipur Case
Anu Meena Jaipur Case

शरत कुमार

follow google news

Anu Meena case: राजस्थान की राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके से पिछले महीने सामने आए अनु मीणा सुसाइड केस ने अब एक बेहद खौफनाक मोड़ ले लिया है. जिसे शुरुआत में पुलिस और दुनिया एक आम आत्महत्या का मामला मान रही थी, उसकी परतें जब खुलीं तो अंदर से घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का ऐसा सच निकला जिसे देखकर हर कोई हैरान है. मृतका अनु मीणा के मोबाइल से मिले वीडियो रिकॉर्डिंग और घर के सीसीटीवी फुटेज ने इस पूरे मामले की दिशा बदल दी है.

Read more!

बच्चे के सामने बेरहमी से पीटता था एक्सईएन पति

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि अनु मीणा का पति गौतम मीणा (जो कि एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर यानी XEN है) अपने ही मासूम बच्चे के सामने अनु के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है. वीडियो में वह घर में तोड़फोड़ करता और अनु को प्रताड़ित करता हुआ दिखाई दे रहा है. यह फुटेज 7 अप्रैल 2026 का बताया जा रहा है. अनु की मौत के बाद जब उसका मोबाइल चेक किया गया तो उसमें प्रताड़ना के कई खौफनाक सबूत और वीडियो मिले, जिन्हें अनु ने खुद रिकॉर्ड किया था ताकि कभी न कभी सच दुनिया के सामने आ सके.

पीहर पक्ष का गंभीर आरोप- 'मार्च में ही गैस खोलकर मारने की थी तैयारी'

अनु की मौत के बाद उसके भाई नीरज मीणा ने मोहाना थाने में शिकायत दर्ज कराई है. नीरज का आरोप है कि उसकी बहन को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. परिवार ने आरोप लगाया कि एक बार आरोपी पति गौतम ने घर के भीतर ही एलपीजी गैस को खुला छोड़ दिया था और बेटी को अंदर बंद कर पूरे परिवार को जान से मारने की कोशिश की थी. अनु अक्सर वीडियो कॉल पर रोते हुए अपने मायके वालों को बताती थी कि उसकी जान को खतरा है. आरोपी पति घंटों तक उसे गालियां देता था और डराता-धमकाता था.

शराब पीकर रोज करता था मारपीट, मां का रो-रोकर बुरा हाल

बेटी को खो चुकी मां ने रोते-बिलखते हुए बताया कि दामाद गौतम रोज शराब पीकर घर आता था और अनु को मारता था. अगले दिन सुबह वह माफी मांगकर मामला शांत करा लेता था. मां ने बताया कि अनु आखिरी बार करवा चौथ पर मायके आई थी. वह बेहद खुश थी और अपनी भाभी से खाना पैक करवाकर यह कहते हुए ससुराल लौटी थी कि वह पति के साथ व्रत खोलेगी. हंसती-खेलती बेटी के साथ ऐसा खौफनाक अंत होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था.

पुलिस ने तेज की जांच, बैंक ट्रांजैक्शन और फुटेज खंगाल रहे अधिकारी

पीहर पक्ष ने पुलिस को पैसों के ऑनलाइन लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं जो प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग की ओर इशारा करते हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रहे एसपी आदित्य काकड़े ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और बैंक ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड्स समेत सभी अहम पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. पुलिस ने अब नई और सख्त धाराओं के तहत मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या अनु मीणा ने खुदकुशी की या फिर उसे मौत के घाट उतारने के लिए इस हद तक मजबूर कर दिया गया?

यह भी पढ़ें: जयपुर अनु मीणा केस में खौफनाक मोड़, मोबाइल से खुला पति की हैवानियत का राज, मासूम बच्चे के सामने ही पत्नी की पिटाई का वीडियो आया सामने

    follow google news