'बच्चों को मेरे खिलाफ भड़काया...' जयपुर अनु मीणा केस में फरार XEN पति का वीडियो आया, रोते हुए कहा- 'मुझे ब्लैकमेल किया जा रहा है'

जयपुर के चर्चित अनु मीणा सुसाइड केस में फरार चल रहे आरोपी एक्सईएन (XEN) पति गौतम मीणा ने अज्ञात जगह से वीडियो जारी किया है. गौतम का दावा है कि पत्नी ने वीडियो कॉल के दौरान आत्महत्या की. उन्होंने पड़ोसी से गेट तुड़वाया लेकिन देर हो गई.

jaipur
jaipur

विशाल शर्मा

follow google news

Anu Meena Case Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर के मुहाना इलाके में हुए बहुचर्चित अनु मीणा आत्महत्या मामले में एक नया मोड़ आ गया है. मामले में आरोपी और मृतका के पति एक्जीक्यूटिव इंजीनियर (XEN) गौतम मीणा ने फरारी के दौरान एक अज्ञात जगह से वीडियो जारी कर अपनी सफाई पेश की है. गौतम मीणा ने वीडियो में खुद को बेकसूर बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि उन्हें एक सीसीटीवी फुटेज के दम पर ब्लैकमेल किया जा रहा है.

Read more!

7 अप्रैल को क्या हुआ था?

वीडियो संदेश में गौतम मीणा ने भावुक होते हुए कहा कि घटना के दिन यानी 7 अप्रैल को वह बच्चों को स्कूल बस में छोड़कर अपने दफ्तर के काम से चोमू स्थित एक प्लॉट पर जा रहे थे. रास्ते में अनु के दो बार फोन आए और उसने वापस आने को कहा. चोमू पहुंचने के दौरान अनु ने उन्हें व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल किया. वीडियो कॉल पर ही अनु चुन्नी लेकर ऊपर जाने लगी. गौतम ने दावा किया कि उन्होंने अनु को बहुत समझाया, अपनी कसम भी दी, लेकिन वह नहीं मानी.

इसके बाद गौतम ने तुरंत फोन काटकर अपने पड़ोसी दिग्विजय जांगिड़ को फोन किया और उनसे घर का दरवाजा तोड़कर अनु को बचाने की मिन्नत की. पड़ोसी को गेट तोड़ने में थोड़ा वक्त लग गया, जिसके कारण अनु की जान नहीं बचाई जा सकी. गौतम का कहना है कि वह चोमू से तुरंत यू-टर्न लेकर घर पहुंचे और अनु को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वह पोस्टमार्टम के वक्त भी अस्पताल में ही मौजूद थे.

ससुराल वालों पर लगाए आरोप!

XEN गौतम मीणा ने अपने ससुराल वालों पर आरोप लगाया कि अंतिम संस्कार के बाद वे लोग उनके घर से मां के गहने, जमीन-जायदाद के कागजात, कैश, मोबाइल और सीसीटीवी की डीवीआर (DVR) चोरी कर ले गए. उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट करने का भी आरोप लगाया, जिसमें उनके खुशहाल परिवार के सबूत थे. गौतम ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी की 70 फीसदी कमाई और चोमू का 500 गज का प्लॉट अनु के नाम कर रखा था.

पुलिस प्रशासन से लगाई गुहार

वीडियो के आखिर में आरोपी पति ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि वह इस मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करे. उन्होंने पुलिस को हर तरह से सहयोग करने का भरोसा दिया है. गौतम ने रोते हुए कहा कि उनके आगे-पीछे कोई नहीं है, सिर्फ दो बच्चे हैं और ससुराल वाले बच्चों को उनके खिलाफ भड़का रहे हैं ताकि उनकी नौकरी और जिंदगी बर्बाद की जा सके. फिलहाल पुलिस इस वीडियो के आधार पर मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है.

 

    follow google news