जयपुर अनु मीणा केस में खौफनाक मोड़, मोबाइल से खुला पति की हैवानियत का राज, मासूम बच्चे के सामने ही पत्नी की पिटाई का वीडियो आया सामने

जयपुर के अनु मीणा सुसाइड केस में नया मोड़. मृतका के मोबाइल से मिला घर का दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज, जिसमें XEN पति मासूम बच्चे के सामने ही पत्नी से मारपीट और तोड़फोड़ करता दिख रहा है.

NewsTak
CCTV फुटेज आया सामने.

विशाल शर्मा

follow google news

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जयपुर के मुहाना थाना इलाके में रहने वाली अनु मीणा के सुसाइड केस में एक ऐसा नया मोड़ आया है, जिसने पुलिस प्रशासन से लेकर आम जनता तक को सन्न कर दिया है. 7 अप्रैल को अपने घर में जान देने वाली अनु मीणा की मौत को शुरुआत में एक सामान्य आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन अब मृतका के ही मोबाइल फोन से निकले कुछ सीसीटीवी (CCTV) फुटेज ने इस पूरी कहानी के पीछे छिपे खौफनाक सच को उजागर कर दिया है. 

Read more!

मासूम बच्चे के सामने हैवानियत, मोबाइल में कैद था सच 

परिजनों को अनु की मौत के बाद जब उसका मोबाइल फोन मिला, तो उसमें घर के अंदर के कई सीसीटीवी फुटेज सेव थे. इन फुटेज को देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अनु का पति गौतम मीणा, जो कि एक सरकारी विभाग में एक्सएन (XEN) अधिकारी है, घर के भीतर भयानक गुस्से में तोड़फोड़ कर रहा है. वह अनु को गालियां दे रहा है, डरा-धमका रहा है और उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है. सबसे दर्दनाक बात यह है कि इस पूरी हैवानियत के दौरान उनका छोटा बच्चा भी वहीं खड़ा होकर यह सब देख रहा था.

घंटों टॉर्चर और जान का खतरा, मां का रो-रोकर बुरा हाल 

अनु की मां और भाई ने बताया कि शादी के बाद से ही उसे लगातार दहेज और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. समाज और रिश्ता बचाने की खातिर अनु लंबे समय तक चुपचाप यह सब सहती रही, लेकिन पानी सिर से ऊपर जाने पर वह अक्सर वीडियो कॉल और मैसेजेस के जरिए अपनी जान को खतरा होने की बात कहती थी. वह सबूत के तौर पर पति की इन हरकतों को अपने फोन में रिकॉर्ड कर लेती थी. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि एक बार आरोपी पति ने घर में गैस खोलकर पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की थी. इसके अलावा, पैसों के लेनदेन से जुड़े कई स्क्रीनशॉट भी पुलिस को दिए गए हैं.

मुहाना थाने में मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी 

अनु के भाई ने 15 मई को जयपुर के मुहाना थाने में आरोपी पति गौतम मीणा और ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस अब अनु के मोबाइल डेटा, सीसीटीवी फुटेज और पैसों के ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े डिजिटल सबूतों को खंगाल रही है.

ट्विशा और दीपिका के बाद अब अनु मीणा के इस मामले ने एक बार फिर घरेलू हिंसा के खिलाफ कड़े कानून और समय रहते कार्रवाई करने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है.
 

 

    follow google news