पिंक सिटी जयपुर, जो अपनी मेहमाननवाजी और पधारो म्हारे देश की संस्कृति के लिए दुनिया भर में मशहूर है, वहां से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे देश को शर्मिंदा कर दिया है. एक ऑटो चालक ने अपनी गाड़ी में बैठी विदेशी महिला पर्यटक की मासूमियत का फायदा उठाते हुए उसे बेहद आपत्तिजनक शब्द और गालियां सिखाईं. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
मासूमियत का फायदा और भद्दी हरकत
घटना का खुलासा तब हुआ जब विदेशी महिला पर्यटक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैला. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ऑटो चालक, जिसकी पहचान मोहम्मद सोहेल के रूप में हुई है, विदेशी युवती को हिंदी में गंदी गालियां और आपत्तिजनक शब्द सिखा रहा है. विदेशी महिला, जो इन शब्दों के अर्थ से पूरी तरह अनजान थी, उन्हें सामान्य बातचीत समझकर दोहराती रही. सोहेल उसे उकसा रहा था कि वह इन शब्दों का प्रयोग दूसरे लोगों पर भी करें.
ब्लॉग में रिकॉर्ड हुई आरोपी की करतूत
विदेशी युवती अपना ट्रेवल ब्लॉग (Vlog) बना रही थी और इसी दौरान उसने ऑटो चालक की इन हरकतों को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. जब यह वीडियो इंटरनेट पर आया, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और जयपुर पुलिस से कार्रवाई की मांग की जाने लगी. वीडियो में आरोपी चालक हंसते हुए महिला का मजाक उड़ाता नजर आ रहा था, जिससे उसकी घटिया मानसिकता का पता चलता है.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
वीडियो वायरल होने के बाद जयपुर पुलिस अलर्ट हुई और इलाके में पूछताछ शुरू की. आरोपी की पहचान लोहारों के मोहल्ले के निवासी मोहम्मद सोहेल के रूप में हुई. पुलिस ने ऑटो चालकों और स्थानीय दुकानदारों से मिली जानकारी के आधार पर सोहेल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके.
देश की छवि पर सवाल
इस घटना ने न सिर्फ जयपुर बल्कि पूरे भारत की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल किया है. विदेशी पर्यटक हमारे देश में एक सुरक्षित और सम्मानजनक अनुभव की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन ऐसी हरकतें 'अतिथि देवो भव:' की परंपरा पर गहरी चोट पहुंचाती हैं.
ADVERTISEMENT


