जयपुर: 65 साल के श्याम बागानी मंदिर जा रहे थे, तभी स्कूटी से आए अमेरिका से लौटे छोटे भाई ने कर दी हत्या... आखिर क्यों ली जान?

विशाल शर्मा

• 01:58 PM • 30 Sep 2026

Jaipur Shyam Bagani Murder Case: जयपुर के बानी पार्क इलाके में पैतृक संपत्ति और पैसों के विवाद को लेकर छोटे भाई मुरली बागानी ने अपने बड़े भाई श्याम बागानी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. आरोपी भाई हाल ही में अमेरिका से लौटा था. पार्क में मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

अमेरिका से लौटकर भाई बना भाई का दुश्मन
अमेरिका से लौटकर भाई बना भाई का दुश्मन
Google CTA

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के बानी पार्क थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली खूनी वारदात सामने आई है. यहां पैतृक संपत्ति और विदेश की कमाई के विवाद में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी नृशंस हत्या कर दी. मृतक की पहचान 65 वर्षीय श्याम बागानी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका सगा छोटा भाई 58 वर्षीय मुरली बागानी (मुरारी) है.

Read more!

मंदिर जाने के लिए निकले थे, रास्ते में घेरकर किया हमला

घटना सुबह करीब 7:45 बजे की है. 65 वर्षीय श्याम बागानी अपने घर से निकलकर रोजाना की तरह राम पार्क के पास स्थित मंदिर जा रहे थे. घर से महज 300 मीटर की दूरी पर सामने से स्कूटी पर उनका छोटा भाई मुरली आ गया. दोनों के बीच बातचीत के दौरान बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मुरली ने पहले लकड़ी के डंडे से और फिर जेब से धारदार चाकू निकालकर बड़े भाई श्याम पर एक के बाद एक कई वार कर दिए. श्याम सड़क पर खून से लथपथ होकर गिर पड़े.

पार्क में टहल रहे लोगों ने आरोपी को दबोचा

वारदात के समय राम पार्क में आसपास टहल रहे स्थानीय लोगों ने काफी साहस का परिचय दिया. चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी मुरली को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल श्याम को एसएमएस (SMS) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

यह पढ़ें: जोधपुर: 3 बच्चों की मां महीनेभर बाद प्रेमी संग लौटी, गांव वालों ने किया ऐसा सलूक, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

विदेश में कमाई रकम और संपत्ति विवाद बनी वजह

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी मुरली बागानी लंबे समय तक अमेरिका के बेलीज सिटी में रहकर व्यापार करता था. करीब एक महीने पहले कारोबार में नुकसान होने के बाद वह जयपुर वापस लौटा था. पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी को लगता था कि बड़े भाई श्याम ने उसके अमेरिका में कमाए हुए पैसे और पैतृक संपत्ति में उसका जायज हिस्सा दबा रखा है. इसी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया.

पुलिस ने बताया कि आरोपी मुरली का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह अपनी पत्नी से मारपीट के मामले में 10 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था. फिलहाल बानी पार्क थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: 'डायन कहा, जबरन गर्भपात कराया और...' शादीशुदा हीना भील के साथ 14 सालों में क्या-क्या हुआ, अपने आखिरी बयान में लगाए गंभीर आरोप