जयपुर बीजेपी दफ्तर में पावर कट मामला! जांच रिपोर्ट आते ही 2 इंजीनियर सस्पेंड, SE को चार्जशीट

जयपुर बीजेपी दफ्तर में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 13 मिनट तक बिजली गुल रहने के मामले में राजस्थान सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद लापरवाही के आरोप में असिस्टेंट इंजीनियर और इलेक्ट्रीशियन को सस्पेंड कर दिया गया है.

jaipur bjp office
jaipur bjp office

शरत कुमार

follow google news

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुई बिजली कटौती के मामले में राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है. सरकार ने बिजली विभाग के दो कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है, वहीं एक वरिष्ठ अधिकारी को चार्जशीट थमाई गई है.

Read more!

यह पूरा मामला गुरुवार का है, जब जयपुर स्थित बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे. इस वीआईपी कार्यक्रम के दौरान महज 15 मिनट के भीतर तीन बार बिजली गुल हो गई. उस समय मंच पर केंद्रीय मंत्री के साथ राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद थे. हाईटेक माने जाने वाले इस दफ्तर में बिजली कटने के बाद बैकअप के लिए रखा जनरेटर भी काम नहीं आया. करीब 13 मिनट तक बिजली ठप रही, जिसके कारण केंद्रीय मंत्री को मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट और टीवी कैमरों की रोशनी में अपना भाषण जारी रखना पड़ा. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष खुद हाथ में मोबाइल की टॉर्च जलाकर खड़े रहे.

जांच रिपोर्ट के बाद गिरी गाज

इस घटना से केंद्रीय मंत्री के सामने राज्य नेतृत्व को भारी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी. मामले को गंभीरता से लेते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के निर्देश पर तीन सदस्यों की एक जांच कमेटी बनाई गई थी. कमेटी की शुरुआती जांच रिपोर्ट में बिजली विभाग के कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई. रिपोर्ट के आधार पर राज्य विद्युत प्रसारण निगम ने असिस्टेंट इंजीनियर विपिन वर्मा और इलेक्ट्रीशियन बाबू सिंह को सस्पेंड कर दिया है. इसके साथ ही जयपुर शहर के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर (SE) आर.पी. गुप्ता के खिलाफ भी चार्जशीट जारी की गई है.

ग्रिड फेल होने से कटी थी बिजली

अधिकारियों के मुताबिक, हीरापुरा स्थित 400 और 220 केवी ग्रिड सब-स्टेशन पर तकनीकी खराबी आने के कारण फीडर शटडाउन हो गया था. इससे दो ट्रांसफार्मर ट्रिप हो गए और सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई. राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप है और कई इलाकों में बिजली कटौती की समस्याएं आ रही हैं, लेकिन वीआईपी कार्यक्रम में इस तरह की चूक को सरकार ने अनुशासनहीनता माना है.

अंधेरे में भी चलती रही प्रेस कॉन्फ्रेंस

बिजली कटने के बाद जब पूरा हॉल अंधेरे में डूब गया तो वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और पत्रकारों ने अपने मोबाइल की टॉर्च चालू कर दी. इसी रोशनी के बीच केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मोदी सरकार के कामकाज का ब्योरा दिया. इसी दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी तंज कसा और कहा कि राजनीतिक तोड़फोड़ और जादूगरी का काम 'जादूगरों' को ही शोभा देता है, बीजेपी सिर्फ देश के विकास के लिए काम करती है. फिलहाल, इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है.

    follow google news